Bharat Express DD Free Dish

टीम इंडिया की धमाकेदार वापसी, सुंदर की तूफानी पारी से ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया

India vs Australia: टीम इंडिया ने तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली.

India vs Australia T20

टीम इंडिया ने टी20 सीरीज में जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को तीसरे मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया. होबार्ट में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी में कमाल दिखाया और फिर बल्लेबाजी में धमाका करते हुए 186 रन का बड़ा लक्ष्य 19वें ओवर में हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही 5 मैचों की सीरीज में भारत ने 1-1 की बराबरी कर ली.

पहले गेंदबाजी करने का फैसला

इस मैच में भारत ने पहली बार टॉस जीता और गेंदबाजी चुनी. अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में ही ऑस्ट्रेलिया को झटका दिया और तीसरे ओवर तक दो विकेट निकाल लिए. उन्होंने कुल 3 विकेट लिए. वहीं वरुण चक्रवर्ती ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को रोकने की कोशिश की. हालांकि टिम डेविड ने 74 रन की तूफानी पारी खेली और मार्कस स्टोइनिस ने 64 रन बनाकर टीम को 186 तक पहुंचाया.

भारत की शुरुआत रही तेज

भारत की शुरुआत तेज रही. अभिषेक शर्मा ने 25 रन बनाकर टीम को अच्छी गति दी लेकिन शुभमन गिल फिर से फ्लॉप रहे और सिर्फ 15 रन बना सके. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 24 रन बनाए हालांकि कुछ शानदार शॉट्स जरूर खेले. तिलक वर्मा ने 29 रन बनाकर पारी को संभाला और टीम को 145 रन तक पहुंचाया.

इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने कमाल कर दिया. उन्होंने आते ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी. सुंदर ने 49 रन की नाबाद पारी खेली और जितेश शर्मा (22 नाबाद) के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी. सुंदर भले ही अपना पहला अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए लेकिन उनकी पारी ने मैच का रुख बदल दिया.

ये भी पढ़ें-भारत के धुरंधरों ने होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के अभेद्य किले को ढहाया; 23 गेंदों में कैसे पलटा मैच?

अब सीरीज का चौथा मुकाबला 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में खेला जाएगा जहां टीम इंडिया के पास बढ़त लेने का सुनहरा मौका होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read