जानें होबार्ट जीत के अनसंग हीरोज
India Vs Australia T20: होबार्ट के बैलेरीव ओवल में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने न केवल ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. यह 15 सालों में पहली बार था जब ऑस्ट्रेलिया को इस मैदान पर टी20 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. 187 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारतीय टीम एक समय 145/5 के स्कोर पर मुश्किल में थी, लेकिन तभी वाशिंगटन सुंदर (49) और जितेश शर्मा (22) की विस्फोटक अटूट साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया.
भारत पहली टीम बन गई है जो यहां मेजबान को हराने में कामयाब रहा. पांच मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है. पहला मैच बारिश से धुला, दूसरा ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से जीता. चौथा मैच 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट, अंतिम 8 नवंबर को ब्रिस्बेन में होगा.
डेविड-स्टोइनिस की तूफानी पारियां (India Vs Australia 1st Inning)
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन बनाए. शुरुआती झटकों (14/2) के बाद टिम डेविड (74, 38 गेंद; 8 चौके, 5 छक्के) और मार्कस स्टोइनिस (64, 39 गेंद; 8 चौके, 2 छक्के) ने कमान संभाली. डेविड ने कप्तान मिचेल मार्श (11) के साथ तीसरे विकेट के लिए 59, स्टोइनिस के साथ पांचवें के लिए 45 रन जोड़े. अंत में मैथ्यू शॉर्ट (नाबाद 26) और स्टोइनिस ने छठे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर स्कोर मजबूत किया. जबकि, भारतीय गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह चमके 3 विकेट. वरुण चक्रवर्ती ने 2, शिवम दुबे ने 1 विकेट लिया.
वाशिंगटन की विस्फोटक पारी (India Vs Australia 2nd Inning)
187 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 18.3 ओवर में 5 विकेट पर 188 रन बनाकर जीत हासिल की. सलामी जोड़ी अभिषेक शर्मा (25, 16 गेंद; 2 चौके, 2 छक्के) और शुभमन गिल (15) ने 3.3 ओवर में 33 रन जोड़े. कप्तान सूर्यकुमार यादव (24) और तिलक वर्मा (29) ने स्कोर आगे बढ़ाया, लेकिन 14.2 ओवर में 145/5 पर टीम संकट में थी. यहां वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 49, 23 गेंद; 3 चौके, 4 छक्के) और जितेश शर्मा (नाबाद 22, 13 गेंद) ने छठे विकेट के लिए अटूट 43 रन जोड़कर मैच पलट दिया. वाशिंगटन की यह पारी डेविड-स्टोइनिस की जोड़ी पर भारी पड़ी. वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 3, जेवियर बार्टलेट और स्टोइनिस ने 1-1 विकेट लिया.
सूर्या-गिल की खराब फॉर्म चिंता का कारण
जीत के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल की फॉर्म टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बनी हुई है. दोनों शीर्षक्रम बल्लेबाज लंबे समय से रन नहीं बना पा रहे. एशिया कप में फ्लॉप रहने के बाद इस सीरीज के तीन मैचों में भी असफलता जारी.
- शुभमन गिल (पिछले 10 टी20): 20, 10, 5, 47, 29, 4, 12, 37, 5, 15. कोई अर्धशतक नहीं. संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल पर तरजीह के बावजूद ओपनिंग जिम्मेदारी निभाने में नाकाम.
- सूर्यकुमार यादव (पिछले 10 टी20): 7, 47, 0, 0, 5, 12, 1, 39, 1, 24. कप्तानी के बाद फॉर्म लुढ़की; कभी दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अब अपने पसंदीदा फॉर्मेट में संघर्ष कर रहे.
23 गेंदों में 49 रन और शानदार जीत (India Vs Australia Hobart Record)
होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी20 में हराकर भारत ने न केवल सीरीज में 1-1 से बराबरी की है, बल्कि यह साबित कर दिया है कि वह किसी भी मैदान पर जीत दर्ज करने का माद्दा रखती है. वाशिंगटन सुंदर की 23 गेंदों में 49 रन की पारी इस जीत की अहम कड़ी रही. हालांकि, इस शानदार जीत के बावजूद, कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल की लगातार असफलता टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चिंता का विषय है, खासकर अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




