Bharat Express DD Free Dish

28 साल बाद इतिहास दोहराने को तैयार! एक ही दिन दो देशों में मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया

3 अक्टूबर 2026 को भारतीय क्रिकेट में एक बेहद अनोखा संयोग देखने को मिल सकता है. भारत की दो अलग-अलग टीमें एक ही दिन दो देशों में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल सकती हैं.

Indian Cricket Team

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए 3 अक्टूबर 2026 का दिन बेहद खास हो सकता है. वजह है एक ऐसा संयोग, जो करीब 28 साल बाद फिर देखने को मिल सकता है. अगर मौजूदा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो भारत की दो अलग-अलग क्रिकेट टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलती नजर आ सकती हैं.

एक तरफ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्टेडियम में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलेगी. दूसरी ओर जापान में एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का मेडल मैच होगा, जिसमें भारत भी खेल सकता है.

न्यू चंडीगढ़ में वेस्टइंडीज से मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला 3 अक्टूबर को निर्धारित है. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्टेडियम में खेला जाना है. यानी उस दिन भारतीय टीम का एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अपने ही देश में तय है.

इस बीच एशियन गेम्स का कार्यक्रम इस पूरे मामले को दिलचस्प बना देता है.

भारत को पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है. क्वार्टरफाइनल 28 सितंबर को और सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को खेला जाना है. ऐसे में भारत सेमीफाइनल जीते या हारे, 3 अक्टूबर को उसके पास एक और मुकाबला होगा.

अगर टीम सेमीफाइनल जीत जाती है, तो वह गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतरेगी. वहीं सेमीफाइनल में हारने पर उसे ब्रॉन्ज मेडल के लिए प्लेऑफ मुकाबला खेलना होगा.

यही स्थिति बनती है तो 3 अक्टूबर को क्रिकेट का नजारा काफी अनोखा होगा. भारत की एक टीम शुभमन गिल की कप्तानी में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे खेल रही होगी, जबकि दूसरी भारतीय टीम जापान में एशियन गेम्स का मेडल जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी.

एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को मिलने की संभावना बताई जा रही है. यानी एक ही दिन भारत के दो अलग-अलग स्क्वॉड दो देशों में देश का प्रतिनिधित्व करते नजर आ सकते हैं.

1998 में भी हुआ था ऐसा

भारतीय क्रिकेट में ऐसा संयोग पहली बार नहीं होगा. इससे पहले 12 सितंबर 1998 को भी भारत ने एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे.

उस दिन अजय जडेजा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने कुआलालंपुर में कनाडा के खिलाफ कॉमनवेल्थ गेम्स का मुकाबला खेला था और 112 रन से जीत दर्ज की थी. उसी दिन मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली मुख्य भारतीय टीम टोरंटो में पाकिस्तान के खिलाफ सहारा कप में उतरी थी. भारत ने उस मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था.

यानी 1998 में भारत की दोनों टीमों ने एक ही दिन जीत हासिल की थी. अब करीब 28 साल बाद वैसा ही मौका फिर सामने आता दिख रहा है.

आखिर ऐसा क्यों हो रहा है?

इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों टूर्नामेंट का अलग-अलग ढांचे के तहत आयोजित होना है. एशियन गेम्स का आयोजन आईसीसी या बीसीसीआई के सीधे नियंत्रण में नहीं होता. वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज भारत के नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम का हिस्सा है.

इसी वजह से दोनों प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम में ऐसा ओवरलैप संभव हुआ है. आम तौर पर द्विपक्षीय सीरीज और किसी बड़े बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट के बीच इस तरह की स्थिति कम ही देखने को मिलती है.

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया को मिली बड़ी राहत! सुंदर फिट, बुमराह की वापसी तय, मैच से पहले आया अपडेट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read