Bharat Express DD Free Dish

सुबह से रात तक क्रिकेट ही क्रिकेट: सीनियर, जूनियर और विमेंस टीम… आज ‘ट्रिपल धमाका’ करेगा भारत

India Cricket Matches Today: 17 जून क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास दिन है. बुधवार को एक नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग मैदानों पर भारतीय टीमें मुकाबले खेलती नजर आएंगी. सीनियर पुरुष टीम, इंडिया ए और महिला टीम के मैचों के चलते पूरे दिन क्रिकेट का रोमांच बना रहेगा.

India vs Afghanistan ODI

India Cricket Matches Today: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास रहने वाला है. बुधवार (17 जून) को एक नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग मैदानों पर भारतीय टीमें मुकाबले खेलती नजर आएंगी. सीनियर पुरुष टीम, इंडिया ए और महिला टीम के मैचों के चलते पूरे दिन क्रिकेट का रोमांच बना रहेगा. भारतीय क्रिकेट की तीनों टीमें इस समय अलग-अलग टूर्नामेंट और सीरीज में हिस्सा ले रही हैं. सीनियर टीम अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है. वहीं, इंडिया ए टीम श्रीलंका में आयोजित ट्राई सीरीज में अपना दम दिखा रही है. दूसरी ओर, इंग्लैंड में खेले जा रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम भी मैदान पर उतरेगी.

खास बात यह है कि बुधवार, 17 जून को तीनों भारतीय टीमें एक्शन में होंगी. ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को सुबह से शाम तक लगातार मैच देखने का मौका मिलेगा. भारत के मुकाबलों के अलावा दिन में दो और अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले जाएंगे. अगर आप क्रिकेट के किसी भी रोमांचक पल को मिस नहीं करना चाहते, तो सभी मैचों का समय पहले से नोट कर लें.

भारत बनाम अफगानिस्‍तान दूसरा वनडे मैच

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है. धर्मशाला में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बना ली थी. अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की नजर दूसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी. दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा (IND VS AFG). यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा.

महिला टी20 विश्व कप का मैच

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम बुधवार को अपने दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड से भिड़ेगी. यह मैच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने पहले मैच में पाकिस्तान को हराकर शानदार आगाज किया था. अब भारतीय खिलाड़ी जीत की लय बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरी सफलता हासिल करना चाहेंगी.

इंडिया ए बनाम अफगानिस्‍तान ए

श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में बुधवार को इंडिया ए की टक्कर अफगानिस्तान ए से होगी. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत ए टीम अब तक अपने पिछले दोनों मुकाबले हार चुकी है. ऐसे में टीम इस मैच को जीतकर वापसी करने और लगातार तीसरी हार से बचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.


ये भी पढ़ें: वैभव के बाद अब इस लाल ने बढ़ाया बिहार का मान, अंडर-20 जूनियर IHF ट्रॉफी में भारत बना चैंपियन


पूरे दिन में 5 मुकाबले

भारत के मुकाबलों के अलावा बुधवार को दो और अंतरराष्ट्रीय मैच क्रिकेट फैंस का मनोरंजन करेंगे. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लंदन में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें जीत के लिए जोर लगाएंगी. वहीं, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच नई टी20 सीरीज का आगाज भी 17 जून से होगा. दोनों टीमों के बीच पहला मैच चटगांव के बीर श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान स्टेडियम में खेला जाएगा. इसकी के साथ आज पूरे दिनभर में क्रिकेट फैंस के लिए 7 मुकाबले देखने का अवसर है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read