Bharat Express DD Free Dish

भारत-साउथ अफ्रीका के चौथे टी20 पर कोहरे का कहर, धुंध के कारण मैच रद्द

India vs South Africa 4th T20: लखनऊ में बुधवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मैच धुंध के कारण रद्द कर दिया गया. टॉस तक नहीं हो सका और तीन घंटे इंतजार के बाद अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया.

India vs South Africa 4th T20: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मुकाबला लखनऊ में खेला जाना था लेकिन भारी धुंध के कारण मैच शुरू ही नहीं हो सका. बुधवार 17 दिसंबर को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शाम होते ही शहर में गहरी धुंध छा गई. अंपायरों ने हालात का जायजा लिया और टॉस को टाल दिया लेकिन बार-बार निगरानी के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार तीन घंटे के इंतजार के बाद रात 9:25 बजे मैच रद्द करने का फैसला लिया गया.

टॉस से लेकर रद्द होने तक

टॉस शाम 6:30 बजे होना था लेकिन खराब विजिबिलिटी के चलते इसे पहले 20 मिनट के लिए टाला गया फिर 6:50 पर अंपायरों ने दोबारा निगरानी किया लेकिन हालात जस के तस रहे. इसके बाद 7:30 तक इंतजार किया गया और हर आधे घंटे में स्थिति की समीक्षा होती रही. अंत में छठी बार निरीक्षण के बाद अंपायरों ने मैच रद्द कर दिया.

सीरीज में भारत का दबदबा कायम

इस नतीजे का असर सीरीज पर पड़ा. भारत पहले ही 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे था. अगर साउथ अफ्रीका यह मैच जीतता तो सीरीज बराबरी पर आ जाती और आखिरी मैच निर्णायक होता लेकिन अब अफ्रीकी टीम केवल 2-2 की बराबरी ही हासिल कर सकती है. वहीं भारत का टी20 सीरीज में अजेय रहने का सिलसिला लगातार 11वीं सीरीज तक पहुंच गया है. आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें-18 दिसंबर 2025 का राशिफल: वृश्चिक राशि में चंद्रमा, जानें किसे मिलेगा भाग्य का साथ

शुभमन गिल सीरीज से बाहर

मैच रद्द होने से पहले ही टीम इंडिया को एक झटका लग चुका था. उप-कप्तान शुभमन गिल चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए. चौथे टी20 से एक दिन पहले प्रैक्टिस के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी. खराब फॉर्म से जूझ रहे गिल अब पांचवें मैच में भी नहीं खेल पाएंगे. हालांकि उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी को स्क्वॉड में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read