Bharat Express DD Free Dish

India vs West Indies: कैच लेते समय साई सुदर्शन हुए घायल, BCCI ने दी अपडेट; कुलदीप-जडेजा की घातक गेंदबाजी ने मचाया धमाल

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट में साई सुदर्शन को कैच लेते वक्त चोट लगी, जिसके बाद वह तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे.

India vs West Indies, Sai Sudarshan Injury, BCCI Update

India vs West Indies: भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन वेस्टइंडीज के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे. इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दी है.

BCCI ने रविवार को तीसरे दिन के खेल के दौरान एक बयान में कहा, “साई सुदर्शन को दूसरे दिन कैच लेने की कोशिश में चोट लग गई थी. एहतियातन वह तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे. चोट गंभीर नहीं है. वह ठीक हैं. BCCI की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है.”

कैच लेते समय साई सुदर्शन घायल

मुकाबले के दूसरे दिन कैच लेते हुए सुदर्शन को चोट लगी थी. सुदर्शन वेस्टइंडीज की पारी के आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर चोटिल हुए थे. रवींद्र जडेजा की गेंद पर वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल का एक तेज कैच लेते समय उनके हाथ में चोट लग गई.

क्षेत्ररक्षण कर रहे सुदर्शन के हेलमेट पर गेंद लगी. इसके बावजूद उन्होंने गेंद को जमीन पर नहीं गिरने दिया, लेकिन ट्रीटमेंट के लिए तुरंत मैदान से बाहर गए. इसके बाद उन्होंने दूसरे दिन के बाकी हिस्से में फील्डिंग नहीं की. उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर फील्डिंग की जिम्मेदारी संभाली.

साई सुदर्शन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 165 गेंदों का सामना करते हुए 87 रन बनाए. उनकी इस पारी में 12 चौके भी शामिल रहे.

ये भी पढ़ें- जंगल से जीत तक, सरिता गायकवाड़ की संघर्षगाथा, पीएम मोदी के सहयोग से बनी अंतरराष्ट्रीय एथलीट

वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ाई तीसरे दिन तक

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित की. टीम इंडिया की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली. विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए.

इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन के पहले सेशन तक 8 विकेट खोकर 217 रन बनाए लिए हैं. वेस्टइंडीज की ओर से एलिक एथनाज ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 34 रन की पारी खेली. भारत की ओर से कुलदीप यादव 4 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि 3 विकेट रवींद्र जडेजा के नाम रहे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read