IPL 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को अब प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए हर मुकाबला “करो या मरो” की तरह हो गया है. रविवार को केकेआर का मुकाबला अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा, जो पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है.
केकेआर फिलहाल अंकतालिका में सातवें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने बचे हुए सभी चार मुकाबले जीतने होंगे. ऐसे में राजस्थान के खिलाफ मैच उनके लिए बेहद अहम साबित होने जा रहा है.
घरेलू मैदान पर फॉर्म चिंता का कारण
कोलकाता के लिए इस सीजन में अपने घर पर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. टीम ने ईडन गार्डन्स पर पांच में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है. बल्लेबाजी में स्थिरता की कमी साफ देखी जा रही है. रिंकू सिंह और वेंकटेश अय्यर जैसे प्रमुख बल्लेबाज लय में नहीं हैं, और ओपनिंग कॉम्बिनेशन भी अब तक तय नहीं हो सका है. कप्तान अजिंक्य रहाणे को पिछले मैच में हाथ में चोट लगी थी, लेकिन माना जा रहा है कि वह राजस्थान के खिलाफ मुकाबले से पहले फिट हो जाएंगे.
हालांकि गेंदबाजी में केकेआर को थोड़ी राहत जरूर मिली है. दिल्ली के खिलाफ पिछली जीत में सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया था. अगर ये दोनों अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो राजस्थान के खिलाफ भी विपक्षी बल्लेबाज़ों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं.
राजस्थान रॉयल्स हो सकती है खतरनाक
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं गया है. हाल ही में उन्हें अपने घरेलू मैदान जयपुर में मुंबई इंडियंस से 100 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी. टीम का सफर लगभग खत्म हो चुका है. लेकिन उनके पास खोने को कुछ नहीं है, जिससे वे खुलकर खेल सकते हैं और विरोधी टीम के लिए खतरा बन सकते हैं.
राजस्थान की मुश्किलें उनकी कमजोर बैटिंग और अनुभवहीन गेंदबाजी के कारण बढ़ी हैं. कप्तान संजू सैमसन की चोट ने भी टीम की परेशानी बढ़ा दी है. हालांकि युवा खिलाड़ी जैसे यशस्वी जायसवाल और 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने कुछ मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया है.
राजस्थान की गेंदबाजी में निरंतरता की कमी रही है. जोफ्रा आर्चर और महेश थीक्षाना जैसे प्रमुख गेंदबाज महंगे साबित हुए हैं और विकेट निकालने में नाकाम रहे हैं. ऐसे में केकेआर की बल्लेबाजी के लिए ये मुकाबला आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका हो सकता है.
ये भी पढ़ें- इस मॉडल की पोस्ट पर Virat Kohli का Like? अब खुद विराट ने बताई पूरी सच्चाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

