Bharat Express DD Free Dish

IPL 2026: नीतीश राणा के विकेट पर क्यों मचा है बवाल? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस; जानें क्या कहते हैं नियम

दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में नीतीश राणा का विकेट चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर फैंस का दावा है कि बेल्स पहले ही गिर चुकी थीं, जिससे ये डेड बॉल होनी चाहिए थी. आइए विस्तार से जानते हैं कि उस शाम अरुण जेटली स्टेडियम में असल में क्या हुआ था.

IPL 2026, Nitish Rana wicket controversy

Nitish Rana Wicket Controversy: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 5 मई की शाम दो दिग्गज टीम, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला गया. मैच रोमांचक था और स्टेडियम भी दर्शकों से खचाखच भरा था, लेकिन इस मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा एक ऐसी घटना की हो रही है जिसने इंटरनेट पर क्रिकेट प्रेमियों के बीच बहस छेड़ दी है. मामला दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा के विकेट से जु़ड़ा है, तो चलिए जानते हैं आखिर मैच के दौरान हुआ क्या था.

क्या था वो पूरा वाकया?

यह सारा ड्रामा दिल्ली की पारी के 10वें ओवर में शुरू हुआ. गेंद नूर अहमद के हाथ में थी. ओवर की तीसरी गेंद पर नीतीश राणा ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ एक करारा शॉट खेला. वहां मुस्तैद फील्डर कार्तिक शर्मा ने फुर्ती दिखाते हुए एक शानदार कैच लपका. अंपायर ने तुरंत अपनी उंगली हवा में उठा दी और नीतीश राणा बिना किसी विरोध के चुपचाप पवेलियन की ओर चल दिए.

लेकिन असली खेल शुरू हुआ सोशल मीडिया पर जहां इस विकेट का वीडियो आग की तरह फैल गया. वीडियो सामने आते ही फैंस के बीच जंग छिड़ गई कि राणा आउट थे या नहीं.

सोशल मीडिया पर क्यों छिड़ा विवाद?

वीडियो को लेकर मुख्य रूप से दो तरह के तर्क दिए जा रहे हैं. कुछ फैंस का दावा है कि नीतीश के शॉट मारने से ठीक पहले विकेटकीपर संजू सैमसन के ग्लव्स लगकर गिल्लियां (बेल्स) गिर गई थीं. उनके मुताबिक, अगर शॉट से पहले ही बेल्स गिर जाएं, तो उसे डेड बॉल करार दिया जाना चाहिए था.

वहीं, दूसरा पक्ष यह मान रहा है कि बेल्स सैमसन की वजह से नहीं, बल्कि मैदान पर चल रही तेज हवाओं या किसी कंपन के कारण गिरी थीं. इसलिए कार्तिक शर्मा द्वारा लपका गया कैच पूरी तरह वैध है.

क्या है वीडियो का असली सच?

जब आप उस वायरल वीडियो को फ्रेम-दर-फ्रेम गौर से देखेंगे, तो समझ आएगा कि संजू सैमसन के हाथ विकेटों से काफी दूर थे. यह कहना कि उनके ग्लव्स से बेल्स गिरीं पूरी तरह गलत नजर आता है. असल में गिल्लियां अपने आप गिरी थीं, जिसकी वजह स्टेडियम में चल रही तेज हवाएं हो सकती हैं. नीतीश राणा का पवेलियन लौटना कोई तकनीकी गलती नहीं बल्कि खेल का हिस्सा था.

ये भी पढ़ें- DC vs CSK: तूफानी मौसम में CSK के गेंदबाजों का कहर, दिल्ली ने दिया 156 का टारगेट

नियम क्या कहते हैं?

क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था MCC (Marylebone Cricket Club) की रूल बुक इस बारे में बहुत स्पष्ट है. नियम कहता है कि अगर बेल्स किसी बाहरी कारण जैसे हवा, कंपन या किसी जानवर के टकराने से गिरती हैं और उसमें फील्डिंग टीम का कोई सीधा हाथ नहीं होता, तो खेल जारी रहता है. ऐसी स्थिति में अगर कोई फील्डर क्लीन कैच लेता है, तो बल्लेबाज को आउट ही माना जाएगा.

अब नीतीश राणा ने खुद भी इसे स्वीकार किया, लेकिन क्रिकेट के प्रति दीवानगी ऐसी है कि फैंस छोटी से छोटी बात पर भी लंबी बहस छेड़ देते हैं और सोशल मीडिया पर भी यही देखने को मिल रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read