KKR vs RCB IPL 2026
KKR vs RCB IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 57वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अंगकृष रघुवंशी की शानदार पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा है. आरसीबी की टीम इस मैच को जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंचने की कोशिश करेगी.
बुधवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले की शुरुआत बारिश के कारण देरी से हुई, हालांकि मैच के ओवर पूरे रखे गए. टॉस जीतने के बाद आरसीबी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
रहाणे और फिन एलन ने दिलाई अच्छी शुरुआत
केकेआर की ओर से फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े. एलन ने सिर्फ 8 गेंदों में 18 रन बनाए, लेकिन इसके बाद वह पवेलियन लौट गए.
इसके बाद रहाणे ने अंगकृष रघुवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 25 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 48 के स्कोर तक पहुंचाया. रहाणे ने 13 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 19 रन की पारी खेली.
यहां से अंगकृष ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कैमरून ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 116 के स्कोर तक पहुंचा दिया. कैमरून 24 गेंदों में 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 192/4 के स्कोर तक पहुंचाया.
अंगकृष ने बनाए 71 रन
अंगकृष 46 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 71 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिंकू सिंह ने 29 गेंदों में 49 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम डार ने 1-1 विकेट निकाला.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- क्या लखनऊ में LSG के खिलाफ खेलेंगे धोनी? हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी तय
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में जैकब बेथेल, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम डार, जैकब डफी और जोश हेजलवुड को मौका दिया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



