Bharat Express DD Free Dish

थप्पड़कांड वीडियो विवाद पर ललित मोदी का श्रीसंत की पत्नी को जवाब, बोले- मैंने सच साझा किया

माइकल क्लार्क के साख एक पॉडकास्ट के दौरान ललित ने वह अनदेखा क्लिप जारी किया, जिसमें मैच के बाद हैंडशेक के दौरान हरभजन सिंह, श्रीसंत को थप्पड़ मारते नजर आए.

Lalit Modi IPL Controversy

पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क को आड़े हाथों लिया था, क्योंकि उन्होंने 2008 आईपीएल स्लैप-गेट विवाद (IPL Slap-Gate Controversy) का अनदेखा वीडियो सार्वजनिक किया. यह घटना श्रीसंत और हरभजन सिंह के बीच हुई थी. अब ललित मोदी ने भुवनेश्वरी की आलोचना का जवाब दिया है.

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब एक पॉडकास्ट के दौरान मोदी और क्लार्क आईपीएल के पुराने किस्सों पर चर्चा कर रहे थे. इसी दौरान ललित मोदी ने वह अनदेखा क्लिप जारी किया, जिसमें मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक के दौरान हरभजन सिंह, श्रीसंत को थप्पड़ मारते नजर आए. इस घटना के चलते हरभजन पर 11 मैचों का प्रतिबंध लगा था.

मैंने सच कहा, मैं सच बोलने के लिए जाना जाता हूं

ललित मोदी ने आईएएनएस को बताया, “मुझे नहीं पता कि वह (श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी) क्यों नाराज हैं. मुझसे एक सवाल पूछा गया था, और मैंने सच बता दिया. मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता. मैं सच बोलने के लिए जाना जाता हूं. श्रीसंत विक्टिम थे और मैंने वही कहा. इससे पहले किसी ने मुझसे यह सवाल नहीं किया था, इसलिए जब क्लार्क ने पूछा तो मैंने जवाब दिया.”

ललित मोदी ने माइकल क्लार्क को यह भी समझाया कि यह क्लिप उनकी सिक्योरिटी कैमरा फुटेज से मिली थी, क्योंकि उस समय ब्रॉडकास्टर ने अपने कैमरे बंद कर दिए थे. वीडियो में दिखता है कि पोस्ट-मैच हैंडशेक के दौरान हरभजन ने श्रीसंत को बुलाया और फिर थप्पड़ मार दिया.

हालांकि, हरभजन ने इस घटना के लिए कई बार सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी. हालांकि, बाद में दोनों खिलाड़ियों ने विवाद को पीछे छोड़ दिया. इसके बाद दोनों कमेंट्री पैनल और विज्ञापनों में भी नजर आए.

श्रीसंत की पत्नी ने कहा- बेहद घिनौना, बेरहम और अमानवीय

इससे पहले भुवनेश्वरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना की आलोचना करते हुए इसे “घृणित, हृदयहीन और अमानवीय” बताया था.

भुवनेश्वरी ने लिखा, “ललित मोदी और माइकल क्लार्क, आपको शर्म आनी चाहिए. श्रीसंत और हरभजन दोनों ही जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और अब स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं, फिर भी आप पुराने जख्मों को कुरेदने की कोशिश कर रहे हैं. बेहद घिनौना, बेरहम और अमानवीय.” श्रीसंत ने भी इंस्टाग्राम पर उनके पोस्ट को रीशेयर किया था.


ये भी पढ़ें: Asian Shooting Championship: भारतीयों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीत लिए 50 गोल्ड मेडल, कजाकिस्तान में यूं लहराया तिरंगा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read