एशियन शूटिंग चैंपियनशिप : भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 50 गोल्ड जीते
Asian Shooting Championship Kazakhstan: मध्य एशियाई देश कजाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप का समापन शनिवार को हो गया. 12 दिनों तक चली रोमांचक प्रतियोगिताओं में भारत ने इतिहास रचते हुए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (Record-Breaking Performance) किया. भारत कुल 50 गोल्ड मेडल के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा, जो इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप के इतिहास में पहली बार हुआ.
शूटिंग चैंपियनशिप का शानदार समापन
खासतौर पर सीनियर टीम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा. 15 ओलंपिक इवेंट्स (राइफल, पिस्टल और शॉटगन वर्ग) में भारतीय निशानेबाजों ने 6 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते. इस दौरान भारत केवल चीन (8 स्वर्ण) से पीछे रहा, जबकि मेजबान कजाकिस्तान ने शेष गोल्ड अपने नाम किया.

पदक तालिका में भारत की बादशाहत
भारत ने एशियन चैंपियनशिप (Asian Shooting Championship) में 50 गोल्ड, 26 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल जीते. 21 गोल्ड जीतने वाला मेजबान कजाकिस्तान कुल 70 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि 15 गोल्ड जीतने वाला चीन 37 मेडल के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
सीनियर कैटेगरी के स्टार परफॉर्मर्स
सीनियर वर्ग में मुख्य आकर्षण एलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की एयर राइफल में एशियन रिकॉर्ड के साथ दूसरा खिताब जीता और अर्जुन बाबूता के साथ मिक्स्ड टीम में भी स्वर्ण पदक हासिल किया. नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप में भारत को पहला एशियन चैंपियनशिप गोल्ड दिलाया. सिफ्ट कौर ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री-पोजिशन में पहला एशियन खिताब जीता.

भारतीयों की अन्य प्रमुख उपलब्धियां
इनके अलावा, ऐश्वरी प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की थ्री-पोजिशन स्पर्धा में अपना खिताब बरकरार रखा. पूर्व वर्ल्ड चैंपियन अंकुर मित्तल ने पुरुषों के डबल ट्रैप इवेंट में 107 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड जीता, जबकि रियो ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड पर निशाना साधा.
हमारे जूनियर शूटर्स का रहा दबदबा
भारतीय जूनियर शूटर्स ने भी सभी ओलंपिक इवेंट्स में पूरी तरह से दबदबा बनाकर इस खेल में देश की प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 10 गोल्ड, 4 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज जीते. अन्य गोल्ड मेडल युवा प्रतियोगिताओं और टीम स्पर्धाओं के साथ-साथ गैर-ओलंपिक स्पर्धाओं से भी आए.
यह भी पढिए: इतने करोड़ में बिका MS Dhoni का बैट, कीमत सुन आपके भी उड़ जाएंगे होश
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
