Bharat Express DD Free Dish

IND vs SL: मानव सुथार ने रचा इतिहास, 93 साल बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी

Manav Suthar: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में मानव सुथार ने 10 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. वह पहले घरेलू और पहले विदेशी टेस्ट में 5+ विकेट लेने वाले मोहम्मद निसार के बाद दूसरे भारतीय बने.

Manav Suthar 10 Wickets

मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में 10 विकेट झटके

Manav Suthar: बुधवार (19 अगस्त) को श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में राजस्थान के 24 वर्षीय स्पिनर मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 विकेट झटके. इसके साथ ही उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो भारत के लिए इससे पहले सिर्फ मोहम्मद निसार के नाम था.

ऐसे झटके 10 विकेट

सुथार ने टेस्ट करियर की शुरुआत 6 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में की थी. डेब्यू मैच की पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे. गॉल में अपने पहले विदेशी टेस्ट में भी उन्होंने पांच विकेट का आंकड़ा पार कर दिखाया. पहली पारी में सुथार ने 76 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में महज 55 रन खर्च करके 6 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.

93 साल बाद बना रिकॉर्ड

इस प्रदर्शन के साथ सुथार भारत के ऐसे दूसरे गेंदबाज बन गए, जिन्होंने अपने पहले घरेलू और पहले विदेशी टेस्ट, दोनों में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है. उनसे पहले मोहम्मद निसार ने 1932 और 1933 में यह उपलब्धि हासिल की थी. निसार ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर 93 रन देकर 5 विकेट लिए थे. इसके बाद मुंबई में अपने पहले घरेलू टेस्ट में भी उन्होंने पांच विकेट झटके थे.

मानव सुथार ने लगाई रिकॉर्ड की जड़ी

गॉल में सुथार ने एक नहीं कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने 45.2 ओवर में 131 रन देकर 10 विकेट लिए और श्रीलंका में एक टेस्ट मैच में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड हरभजन सिंह के नाम था, जिन्होंने 2008 में गॉल में 153 रन देकर 10 विकेट लिए थे. रविचंद्रन अश्विन 2015 में 160 रन देकर 10 विकेट के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं.


ये भी पढ़ें: क्रिकेट इतिहास की पहली बार नो बॉल किसने फेंकी थी? जानें रोचक तथ्य


गॉल में छह विकेट लेने वाले भारतीयों की सूची में भी सुथार शामिल हो गए हैं. उनसे पहले हरभजन सिंह और अश्विन ऐसा कर चुके हैं. 24 साल की उम्र में एक टेस्ट में 10 विकेट लेकर सुथार ने भारतीय क्रिकेट में अपनी खास पहचान बना ली है और रिकॉर्ड बुक में इतने कम समय में नाम दर्ज करा भी दिया है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read