Bharat Express DD Free Dish

टैक्स भरने में भी सबसे आगे हैं ‘थाला’: धोनी बने बिहार-झारखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर, अकेले चुकाई 50 करोड़ से ज्यादा की भारी रकम

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार, धोनी वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बिहार और झारखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर बने हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी ने इस बार 50 करोड़ रुपये से अधिक का एडवांस टैक्स जमा किया है, जो उनकी बढ़ती ब्रांड वैल्यू और बिजनेस वेंचर्स का प्रमाण है.

MS Dhoni, Income Tax, Bihar-Jharkhand, MS Dhoni Highest Taxpayer

MS Dhoni Highest Taxpayer: महेंद्र सिंह धोनी का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में क्रिकेट का मैदान, हेलीकॉप्टर शॉट और नंबर 7 आता है. टीम इंडिया की नीली जर्सी का साथ छोड़े धोनी को काफी समय हो गया है. लेकिन इस बीच उनका जलवा कम नहीं हुआ बल्कि और ज्यादा बढ़ा है.

धोनी अकसर चर्चाओं में रहते हैं और ऐसा ही कुछ फिर से देखने को मिल रहा है, लेकिन इस बार वो अपनी क्रिकेट लाइफ को लेकर चर्चा में नहीं है. थाला अपनी भारी-भरकम कमाई और उससे भी भारी टैक्स को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल धोनी को लेकर जानकारी सामने आई है कि वे सिर्फ क्रिकेट के ही नहीं बल्कि टैक्स चुकाने के मामले में भी असली कैप्टन कूल हैं.

बिहार-झारखंड में नंबर-1 पर माही

ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी बिहार और झारखंड में इंडिविजुअल कैटेगरी में सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले शख्स बन गए हैं. खबर है कि पिछले वित्त वर्ष में उन्होंने 50 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का एडवांस टैक्स जमा किया है.

हालांकि, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सुरक्षा और गोपनीयता की वजह से एकदम सटीक आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन बिहार-झारखंड के मुख्य आयकर आयुक्त ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि टैक्स देने के मामले में धोनी इन दोनों राज्यों में टॉप पर हैं.

धोनी की यह मोटी कमाई सिर्फ क्रिकेट या IPL से नहीं आती. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी अपना सिक्का जमाया है. विज्ञापनों से लेकर खेती और अलग-अलग स्टार्टअप्स में उनके निवेश ने उन्हें आज भी देश के सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट में बनाए रखा है.

झारखंड ने टैक्स वसूली में मारी बाजी

अगर पूरे इलाके की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 आयकर विभाग के लिए काफी शानदार रहा है. बिहार और झारखंड से कुल मिलाकर लगभग 20,000 करोड़ रुपये का टैक्स वसूला गया है. दिलचस्प बात ये है कि इसमें झारखंड का पलड़ा भारी रहा जहां से 12,000 करोड़ रुपये आए. अधिकारियों का कहना है कि इस बार विभाग को जो भी पैसा मिला है, उसका करीब 70 फीसदी हिस्सा TDS के जरिए आया है.

सिर्फ धोनी ही नहीं, बल्कि सरकारी कंपनियों ने भी खजाना भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी. सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) जैसी कंपनियों ने सबसे ज्यादा टैक्स जमा किया है.

ये भी पढ़ें- LSG vs RCB: 56 गेंदों में 111 रन, मार्श ने अकेले बदला मैच का पूरा रंग; RCB को दिया 213 का टारगेट

5.5 करोड़ पैन कार्ड, पर टैक्स देने वाले मुट्ठी भर

इन आंकड़ों के बीच एक ऐसी बात भी सामने आई है जो थोड़ी हैरान करने वाली है. जानकारी है कि बिहार और झारखंड में करीब 5.5 करोड़ लोगों के पास पैन कार्ड है, लेकिन इनमें से सिर्फ 40 लाख लोग ही इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते हैं. यानी एक बड़ी आबादी अभी भी टैक्स के दायरे से बाहर है. अब विभाग आउटरीच प्रोग्राम के जरिए लोगों को जागरूक करने की तैयारी में है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ईमानदारी से अपना रिटर्न भरें.

अब देखा जाए तो धोनी ने एक बार फिर लोगों को दिखा दिया है कि वे सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर भी देश के लिए गेम चेंजर साबित हो रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest