रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन नीता अंबानी ने भारतीय महिला टीम को पहला आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर बधाई दी. नीता अंबानी ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को पहली बार भारत को महिला विश्व कप खिताब दिलाने पर शुभकामनाएं दीं. भारत का वर्षों पुराना सपना आखिरकार 2005 और 2017 के फाइनल में मिली हार के बाद 2025 में पूरा हो गया, जब भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया.
शैफाली वर्मा (87 रन और 2/36) और दीप्ति शर्मा (58 रन और 5/39) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसने करोड़ों लोगों के दिलों को छू लिया और आने वाले क्रिकेटर्स के लिए प्रेरणा की कहानी बन गई.
पूरे देश का सर गर्व से ऊंचा हो गया: नीता अंबानी
फाइनल मैच के बाद नीता अंबानी को हरमनप्रीत कौर और भारतीय टीम को बधाई देते हुए देखा गया, जब ‘वुमन इन ब्लू’ ने 2025 का खिताब जीता.
नीता अंबानी ने कहा,
आधी रात के समय हमारी लड़कियों ने पहली बार आईसीसी विश्व चैंपियनशिप जीत ली है. आपने जिस तरह साहस, विश्वास और आत्मविश्वास के साथ खेला है, उसने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. हमें आप पर बहुत गर्व है. मैं कहना चाहती हूं — धन्यवाद, थैंक यू और जय हिंद.
हाथों में तिरंगा लेकर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बता दें कि 2 नवंबर को मुंबई में खेले गए आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले के दौरान नीता अंबानी को क्रिकेट मैदान में करोड़ों दर्शकों के साथ भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करते हुए देखा गया. उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया. इस दौरान उनके साथ बेटे आकाश अंबानी, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: 2 तारीख फिर बनी भारतीय क्रिकेट की शान, महिला टीम ने रचा इतिहास, पैसों की भी हुई बरसात
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

