RCB vs CSK IPL 2026
RCB vs CSK: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरू (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M. Chinnaswamy Stadium) में खेले गए इस मैच में टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन बना डाले. आरसीबी की तरफ से सबसे बड़ी पारी टिम डेविड (Tim David) ने खेली. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 70 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल थे. उनके साथ कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 48 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे.
19वें ओवर में 30 रन
मैच का टर्निंग पॉइंट 19वां ओवर रहा, जिसमें डेविड ने जमकर हमला बोला. इस ओवर में 6, 2, 4, 6, 6, 6 रन आए और कुल 30 रन बने. इस धमाकेदार ओवर ने ही स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया. अब रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 251 रन का विशाल लक्ष्य है. लगातार दो मैच हार चुकी सीएसके के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होने वाला.
ऐसी रही RCB की बैटिंग
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी की शुरुआत विराट कोहली (Virat Kohli) ने शानदार अंदाज में की. उन्होंने 18 गेंदों में 28 रन बनाते हुए दो चौके और एक छक्का जड़ा, लेकिन अंशुल कम्बोज की गेंद पर शिवम दुबे को कैच थमा बैठे. इसके बाद फिल साल्ट और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े. साल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे, लेकिन उन्हें भी शिवम दुबे ने पवेलियन भेजा.
पडिक्कल ने अपनी लय बरकरार रखते हुए अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे. इसके बाद वे कप्तान रजत पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर आउट हो गए.
ये भी पढ़ें: LSG की पहली जीत: पंत की कप्तानी पारी देख मालिक गोयनका की आंखों में छलके आंसू
अंतिम चरण में पाटीदार और टिम डेविड ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 99 रन की अटूट साझेदारी हुई. डेविड ने महज 25 गेंदों में नाबाद 70 रन ठोके, जिसमें आठ छक्के और तीन चौके शामिल थे, जबकि पाटीदार ने 48 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, अपनी पारी में छह छक्के और एक चौका लगाया.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलवेन (RCB vs CSK Playing 11)
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन (CSK Playing 11): संजू सैमसन (डब्ल्यू), रुतुराज गायकवाड़ (सी), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन (RCB Playing 11): फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
