RCB vs LSG
RCB vs LSG: बुधवार (15 अप्रैल) को आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा. यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. मुकाबले से पहले आपको बता दें कि RCB की टीम IPL 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. इस सीजन में बेंगलुरु ने चार में से तीन मैच जीते हैं. वहीं, दूसरी ओर लखनऊ की टीम ने चार में से दो मैचों में हार का सामना किया है. हालांकि, यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं कि किसका पलड़ा भारी रहेगा और क्या टॉस गेम चेंजर साबित होगा.
टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला हो सकता है फायदेमंद
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 102 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 54 मैच उन टीमों ने जीते हैं जो लक्ष्य का पीछा करती हैं, जबकि 44 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं और 4 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गए. यहां की पिच और छोटा मैदान होने के कारण रन बनाना आसान होता है, इसलिए कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं माना जाता. शाम के समय हल्की गर्मी रह सकती है लेकिन मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे पूरा मैच देखने को मिल सकता है. ओस पड़ने की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है, इसलिए टॉस जीतने वाला कप्तान अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकता है.
किसका पलड़ा है भारी (RCB vs LSG head-to-head)
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 6 मुकाबले हुए हैं, जिनमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 4 मैच जीते हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को 2 जीत मिली हैं, जिससे साफ है कि आरसीबी का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है. इस सीजन में आरसीबी ने 4 में से 3 मैच जीतकर 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान हासिल किया हुआ है और उनका नेट रन रेट (+1.148) भी काफी मजबूत है, इसलिए अगर वे आज का मैच जीतते हैं तो टॉप पर पहुंच सकते हैं, वहीं लखनऊ की टीम ने 4 में से 2 मैच जीते हैं और 4 अंकों के साथ सातवें नंबर पर है, जिससे उनके लिए यह मुकाबला थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है.
विराट नहीं खेलेंगे मैच?
विराट कोहली के आरसीबी बनाम एलएसजी मैच में खेलने को लेकर अभी भी साफ स्थिति नहीं है. खबरों के अनुसार वह टखने की चोट से परेशान हैं और फिटनेस से जुड़ी कुछ और दिक्कतें भी हैं, इसलिए उनका इस मैच में खेलना अभी अनिश्चित माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: बिना खेले भी छा गए धोनी: नूर अहमद ने कोलकाता को किया चारों खाने चित, पर क्यों हो रही है ‘थाला’ की वाह-वाही?
दोनों टीमों के लिए संभावित प्लेइंग 11 (RCB vs LSG Playing 11)
आरसीबी की संभावित प्लेइंग 11 (RCB Playing 11): फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, जैकब डफी/जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा
लखनऊ सुपरजायंट्स संभावित प्लेइंग 11 (LSG Playing 11): एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत, आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे/एनरिक नॉर्टजे, मोहम्मद शमी, अवेश खान/मोहसिन खान, दिगवेश सिंह राठी, प्रिंस यादव/मयंक यादव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



