होम ग्राउंड पर भारतीय चुनौती की अगुवाई करने को तैयार वर्ल्ड नंबर-1 पैरा आर्चर शीतल देवी. (PC: भारत एक्सप्रेस)
Para Archery World Series 2026: भारत अपने पहले अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी इवेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. अहमदाबाद में आयोजित इस ‘वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज’ में दुनिया की नंबर-1 कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी के नेतृत्व में भारतीय दल अपनी छाप छोड़ने उतरेगा.
भारत अपने पहले अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी इवेंट की मेजबानी अहमदाबाद में कर रहा है, जहाँ 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के तीसरे चरण में 19 देशों के 109 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. भारतीय दल की कमान दुनिया की नंबर-1 कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी संभाल रही हैं, जो पहली बार घरेलू दर्शकों के सामने किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में निशाना साधेंगी. 29 सदस्यीय भारतीय टीम में शीतल के अलावा वर्ल्ड नंबर-1 तोमन कुमार, अनुभवी राकेश कुमार और पैरालिंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह शामिल हैं. यह टूर्नामेंट 2026 एशियन पैरा गेम्स की तैयारियों और महत्वपूर्ण वर्ल्ड रैंकिंग अंक हासिल करने के लिहाज से बेहद खास है.
भारत पहली बार अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा
भारत अपने खेल इतिहास में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है. अहमदाबाद में शुरू हो रही 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के तीसरे चरण में 19 देशों के 109 तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. यह टूर्नामेंट 2026 आइची-नागोया एशियन पैरा गेम्स की तैयारियों और वर्ल्ड रैंकिंग अंक हासिल करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
भारतीय चुनौती की मुख्य धुरी 19 वर्षीय शीतल देवी
घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय चुनौती की मुख्य धुरी 19 वर्षीय शीतल देवी होंगी. बिना हाथों के जन्मी शीतल अपने दाहिने पैर, कंधे और मुंह में लगे विशेष उपकरण की मदद से धनुष-बाण चलाती हैं. वर्ल्ड नंबर-1 और मौजूदा विश्व चैंपियन शीतल ने ग्वानझू 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचा था. इसके अलावा वह पेरिस 2024 पैरालिंपिक में ब्रॉन्ज और होंगझोउ एशियन पैरा गेम्स में दो गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं. हाल ही में उन्होंने नोवे मेस्टो में 697 अंक हासिल कर नया एशियाई रिकॉर्ड भी कायम किया था.
भारत ने 9 खिलाड़ियों का एक मजबूत दल उतारा
भारत ने इस टूर्नामेंट में 29 खिलाड़ियों का एक मजबूत दल उतारा है. पुरुषों के कंपाउंड वर्ग में वर्ल्ड नंबर-1 तोमन कुमार और पेरिस पैरालिंपिक पदक विजेता राकेश कुमार भारतीय चुनौती संभालेंगे. वहीं, रिकर्व वर्ग में पैरालिंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और महिला वर्ग में वर्ल्ड नंबर-5 पूजा पदक की प्रबल दावेदार हैं. भारतीय टीम ने इस सीरीज के पहले चरण (बैंकॉक) में 7 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था.
हालांकि, भारतीय तीरंदाजों के लिए यह राह आसान नहीं होगी क्योंकि फ्रांस के गिलाउम टौकोलेट, चेकिया की सार्का पुल्टार मुसिलोवा और साइप्रस के क्रिस्टोस मिसोस जैसे दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा हैं. चीन, ब्रिटेन और चेकिया की मजबूत टीमों की मौजूदगी से अहमदाबाद में मुकाबलों के बेहद कड़ा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें-PAK खिलाड़ियों के फोन हुए जब्त! PCB के कदम से मचा हड़कंप; क्या है पूरा मामला?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



