Bharat Express DD Free Dish

‘शोएब अख्तर और आसिफ जब भी भारत आते, तो ड्रग्स लेकर आते…’, MHA के पूर्व अंडर सेक्रेटरी का चौंकाने वाला खुलासा

Shoaib Akhtar Drugs Controversy: पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ जब क्रिकेट खेलने भारत आते थे, तो ड्रग्स ट्रैफिकिंग में लिप्‍त होते थे. भारतीय गृह मंत्रालय (MHA) के पूर्व अंडर सेक्रेटरी आरवीएस मणि ने उनके बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

shoaib-akhtar-mohammad-asif-drugs
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर होने वाली प्रतिद्वंद्विता से इतर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है. भारतीय गृह मंत्रालय (MHA) के पूर्व अंडर सेक्रेटरी आरवीएस मणि ने पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों और उनके प्रतिनिधिमंडलों (Delegations) से जुड़ी ऐसी बात बताई है, जिससे दोनों देशों के खेल गलियारों में हो-हल्‍ला मच जाएगा.

आरवीएस मणि ने बताया कि जब पाकिस्तानी टीम और डेलिगेशन वर्ष 2006-07 के दौरान भारत के दौरे पर आते थे, तो वे क्रिकेट की आड़ में ड्रग्स की तस्करी (Drugs Trafficking) में शामिल रहते थे. मणि ने सीधे तौर पर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और मोहम्मद आसिफ का नाम लेते हुए कहा कि ये खिलाड़ी जब भी भारत आते थे, तो अपने साथ ड्रग्स लेकर आते थे.

पाक खिलाड़ियों पर भारत में ड्रग्स लाने का आरोप

गृह मंत्रालय (MHA) के पूर्व अधिकारी आरवीएस मणि ने संकेत दिया कि उस समय के वर्ष 2006-07 के दौरान सुरक्षा और राजनयिक ढील का फायदा उठाकर पाकिस्तानी खिलाड़ियों द्वारा अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था. चूंकि 2006 और 2007 में भारत-पाकिस्तान के बीच कई द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थीं, इसलिए इस खुलासे ने उस दौर की क्रिकेट कूटनीति पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. इस बयान के बाद दोनों खिलाड़ियों के करियर के पुराने विवाद — विशेषकर मोहम्मद आसिफ का 2008 में दुबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स के साथ पकड़े जाने का मामला — एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर भारत में चर्चा में हैं. भारत और भारतीयों के बारे में उनके बयानों में हमेशा एक ‘डबल स्टैंडर्ड’ (दोगला रवैया) देखने को मिला है, जिसकी वजह से भारतीय फैंस अक्सर उन पर नाराजगी जाहिर करते हैं.

पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर का दोगला रवैया

शोएब अख्तर जब भारत में आते थे या भारतीय मीडिया चैनलों पर कमेंट्री और शो करते थे, तो वे भारत की संस्कृति, मेहमाननवाज़ी और यहां के लोगों की तारीफ करते नहीं थकते थे. वे अक्सर भारत-पाक दोस्ती के पैगाम गाते थे और सचिन तेंदुलकर व सौरव गांगुली से अपनी नजदीकी का बखान करते थे.

पाकिस्तान जाते ही बदला सुर (गज़वा-ए-हिंद विवाद)

जैसे ही शोएब अख्तर पाकिस्तान लौटते थे या अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तानी दर्शकों से मुखातिब होते थे, उनके सुर पूरी तरह बदल जाते थे. एक पाकिस्तानी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने ‘गजवा-ए-हिंद’ (भारत पर इस्लामिक फतह के मंसूबे) का खुलकर समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि हमारी किताबों में लिखा है कि गजवा-ए-हिंद होगा और हमारी सेना नदी को खून से लाल कर देगी और भारत पर कब्जा करेगी.

कश्मीर और भारतीय सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणियां: शोएब अख्तर ने कई मौकों पर कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान में बैठकर भारत के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें कहीं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर भी वैश्विक क्रिकेट को हाइजैक करने और पैसे के दम पर ICC को चलाने के आरोप लगाए थे.

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में मिलने वाले बड़े बाजार और लोकप्रियता के लिए अख्तर यहां प्रशंसा का ढोंग करते थे, जबकि पाकिस्तान में अपनी कट्टरपंथी छवि मजबूत करने के लिए वे भारत विरोधी एजेंडा चलाने से बाज नहीं आते थे. अब ड्रग्स तस्करी के इस नए और संगीन आरोप ने उनकी छवि को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है.

यह भी पढ़िए: सचिन-धोनी की तरह विंबलडन क्यों नहीं जाते पाकिस्तानी क्रिकेटर? भारतीय यूजर ने दिया मजेदार जवाब



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read