सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए बिग बैश लीग मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर की टक्कर जितनी रोमांचक रही, उतनी ही चर्चा में रही स्टीव स्मिथ और बाबर आजम के बीच पिच पर हुई एक रणनीतिक असहमति. एक सिंगल रन को लेकर लिया गया फैसला देखते ही देखते सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों तक की बहस का विषय बन गया, जिसने मैच के रुख और माहौल, दोनों को प्रभावित किया.
एक ओवर की बात
मैच के बाद स्मिथ ने चैनल 7 से बातचीत में कहा कि यह फैसला पूरी तरह रणनीतिक था. उन्होंने बताया कि टीम मैनेजमेंट तेज खेलने को कह रहा था, लेकिन उन्होंने एक ओवर और लेने की बात कही ताकि छोटी बाउंड्री का फायदा उठा सकें. स्मिथ ने कहा कि उस ओवर में करीब 32 रन बने, जो टीम के लिए निर्णायक साबित हुए.
स्टीव स्मिथ ने सिंगल लेने से किया मना
घटना तब हुई जब बाबर 38 गेंदों पर 47 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए थे. क्रिस ग्रीन के ओवर में लगातार तीन डॉट गेंदें खेलने के बाद ओवर की आखिरी गेंद पर बाबर ने सिंगल लेकर स्ट्राइक बदलने की कोशिश की, लेकिन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद स्टीव स्मिथ ने सिंगल लेने से मना कर दिया. स्मिथ का इरादा पावर सर्ज के लिए स्ट्राइक अपने पास रखने का था. पावर सर्ज बीबीएल का दो ओवर का फ्लोटिंग पावरप्ले होता है, जिसे 10 ओवर के बाद कभी भी लिया जा सकता है.
असंतुष्ट नजर आए बाबर
ओवर के अंत में दोनों बल्लेबाजों के बीच पिच पर थोड़ी बातचीत हुई, जिसमें बाबर साफ तौर पर असंतुष्ट नजर आए. हालांकि स्मिथ ने अपने फैसले को जल्द ही सही साबित कर दिया. पावर सर्ज के दौरान उन्होंने रयान हैडली के पहले ही ओवर में लगातार चार छक्के जड़ दिए. इस ओवर में कुल 32 रन बने. यह ओवर बीबीएल इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ और सिक्सर्स को तेजी से लक्ष्य के करीब ले गया.
पांच विकेट से सिक्सर्स ने जीता मुकाबला
स्मिथ ने 13वें ओवर में नाथन मैकएंड्रू के खिलाफ बाबर को स्ट्राइक दे दी. बाबर पहली ही गेंद पर आउट हो गए. आउट होने के बाद बाबर को गुस्से में डगआउट की ओर जाते हुए देखा गया, जिसका संबंध पहले हुए फैसले से जोड़ा गया. सिक्सर्स ने यह मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया. बाबर मैच के बाद मैदान पर नजर नहीं आए.
सिडनी थंडर ने डेविड वॉर्नर के 65 गेंद पर नाबाद 110 रन की बदौलत 189 रन बनाए थे. स्टीव स्मिथ के 42 गेंदों पर 100 रन की बदौलत सिडनी सिक्सर्स ने 17.2 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया.
ये भी पढ़ें: Ind vs NZ: इंदौर में निर्णायक जंग से पहले महाकाल की शरण में विराट कोहली, कुलदीप यादव के साथ टेका मत्था
-भारत एक्सप्रेस
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

