India vs Zimbabwe T20 World Cup 2026: चेन्नई के ऐतिहासिक चेपॉक मैदान पर आज यानी 26 फरवरी को जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में उतरेगी, तो करोड़ों भारतीय फैंस की धड़कनें बढ़ी होंगी. यह मैच साधारण नहीं है, बल्कि टीम इंडिया के लिए ‘करो या मरो’ वाली स्थिति है.
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से ठीक पहले भारतीय खेमे में क्रिकेट के साथ-साथ ‘आस्था’ का संगम भी देखने को मिला. मैदान पर पसीना बहाने के बाद टीम के दो धाकड़ खिलाड़ी भगवान की शरण में पहुंचे हैं.
मैदान से पहले मंदिर में हाजिरी
चेपॉक की टर्निंग पिच पर जिम्बाब्वे के स्पिनर्स से निपटने से पहले टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और उप-कप्तान अक्षर पटेल ने भक्ति का मार्ग चुना. गुरुवार की तड़के सुबह, जब पूरा शहर सो रहा था, ये दोनों सितारे चेन्नई के थिरुवनमियुर स्थित मशहूर मरुंदीश्वर मंदिर पहुंचे.
वहां उन्होंने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और जीत का आशीर्वाद मांगा. सोशल मीडिया पर इन दोनों की सादगी भरी तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं, जिसे देख फैंस कह रहे हैं कि ‘अब तो जीत पक्की है’.
क्रिकेट और मंदिर का पुराना नाता
वैसे, बड़े मैच से पहले मंदिर जाना भारतीय खिलाड़ियों के लिए नया नहीं है. चाहे कोच गौतम गंभीर हों या सीनियर खिलाड़ी, आस्था हमेशा टीम के साथ रही है. आपको याद होगा जब इसी वर्ल्ड कप से पहले इंदौर मैच के दौरान विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे थे.
वहीं, हेड कोच गौतम गंभीर को गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में आशीर्वाद लेते देखा गया था. कप्तान सूर्या भी इस मामले में पीछे नहीं हैं, वे अक्सर अपनी पत्नी के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करते रहते हैं.
ये भी पढ़ें- जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11 में अक्षर और सैमसन की एंट्री, खतरे में दो खिलाड़ियों की जगह
जानें सेमीफाइनल का गणित
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने टीम इंडिया के समीकरण थोड़े बिगाड़ दिए हैं. आज चेन्नई में जिम्बाब्वे को हराना तो अनिवार्य है ही, लेकिन साथ ही भारतीय फैंस की नजरें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर भी टिकी होंगी. वहां वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला होना है. दुआ यह की जा रही है कि वेस्टइंडीज की टीम साउथ अफ्रीका को हरा दे, ताकि भारत के लिए सेमीफाइनल की राह का कांटा साफ हो सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



