Vaibhav Suryavanshi Birthday: जब हम और आप 14-15 साल की उम्र में स्कूल के होमवर्क और वीडियो गेम्स में उलझे रहते थे, उस उम्र में बिहार के एक लड़के ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी ऐसी छाप छोड़ी कि दुनिया देखती रह गई. आज यानी 27 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मना रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए पिछला एक साल किसी सुनहरे सपने से कम नहीं रहा है. आज आलम यह है कि भले ही उन्होंने टीम इंडिया की नीली जर्सी न पहनी हो, लेकिन उनकी चर्चा दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच हो रही है.
13 की उम्र में बने करोड़पति
वैभव की कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन पर भरोसा जताया. महज 13 साल की उम्र में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को राजस्थान ने 1.10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि देकर अपनी टीम में शामिल किया. 2026 के सीजन में भी उन्हें इतनी ही रकम मिलने वाली है. इतनी छोटी उम्र में करोड़ों की कमाई करना वाकई किसी चमत्कार से कम नहीं लगता.
सिर्फ आईपीएल नहीं, कमाई के और भी हैं जरिए
वैभव की कमाई का जरिया सिर्फ आईपीएल की भारी-भरकम फीस तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बीसीसीआई भी इस उभरते सितारे पर जमकर पैसों की बारिश कर रहा है. हाल ही में जब भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता, तो वैभव उस खिताबी जीत के बड़े हीरो रहे और इनाम के तौर पर उनके हिस्से में करीब 40 लाख रुपये आए.
इसके अलावा, उन्हें अंडर-19 के हर मैच के लिए 20 हजार रुपये और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हर दिन के 40 हजार रुपये की मैच फीस भी मिलती है. हालांकि आधिकारिक आंकड़े मौजूद नहीं हैं, लेकिन अगर आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट और इन तमाम ईनामों को जोड़ दिया जाए, तो महज 15 साल की उम्र में इस धुरंधर की नेटवर्थ लगभग ढाई करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है.
ये भी पढ़ें- 70 मैच, 12 शहर, डबल-हेडर का रोमांच… IPL 2026 का पूरा शेड्यूल जारी; जानें कब और कहां होंगे मैच
मैदान पर रिकॉर्ड्स की झड़ी
आपको बताते चलें कि वैभव सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स भी बटोर रहे हैं. आईपीएल 2025 में उन्होंने गुजरात के खिलाफ महज 35 गेंदों पर शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी. यह किसी भी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है. अब सबकी नजरें 30 मार्च पर टिकी हैं, जब आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान की टीम चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





