Cricket New Record: भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम ने शुक्रवार (12 दिसंबर) को दुबई में U-19 वनडे मैच खेला, जिसमें भारत के एक बल्लेबाज ने 14 छक्के जड़कर टीम को शानदार जीत दिलाई. इन 14 सिक्स की मदद से इस युवा खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
भारत के युवा खिलाड़ी और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 14 सिक्स लगाकर विश्व रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने शुक्रवार को दुबई में खेले गए U-19 एशिया कप मैच में 95 गेंदों पर 171 रन बनाए. अपनी इस पारी में वैभव ने 14 छक्के और 9 चौकों की मदद से 180 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की.
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का रिकॉर्ड टूटा
वैभव सूर्यवंशी अब यूथ वनडे में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के 2008 में बनाए गए 12 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
वैभव ने जमाया शतक
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने केवल 56 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उनकी कमाल की बल्लेबाजी के दम पर भारत ने यूथ वनडे का अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम ने 433 रन बनाए, जो पिछले साल ढाका द्वारा स्कॉटलैंड के खिलाफ बनाए 425 रन के रिकॉर्ड से ज्यादा है. वैभव के साथ एरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी 69-69 रन की अहम पारियां खेलीं.
ये भी पढ़ें: विनेश फोगाट का U-Turn! फिर करेंगी दंगल, भरी तगड़ी हुंकार
भारत ने यह मुकाबला 234 रन से जीत लिया. 434 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए UAE की टीम ने 50 ओवर खेलकर 7 विकेट पर सिर्फ 199 रन ही बना सकी. UAE की ओर से दो बल्लेबाजों ने फिफ्टी जमाई. उड्डीश सूरी 78 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पृथ्वी मधु ने 50 रन जोड़े. भारत की तरफ से 9 गेंदबाजों को आजमाया गया और इनमें दीपेश देवेन्द्रन सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट लिए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


