भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया है. कोहली ने स्पष्ट किया है कि साउथ अफ्रीका में होने वाला यह टूर्नामेंट संभवतः उनके करियर का आखिरी 50 ओवर विश्व कप होगा. इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने और टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के लिए वह अपना सब कुछ झोंकने को पूरी तरह तैयार हैं.
वनडे वर्ल्ड कप का दबाव टी20 से कहीं ज्यादा
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले बातचीत करते हुए कोहली ने 50 ओवर के प्रारूप की चुनौतियों पर बात की. उन्होंने कहा कि आधुनिक वनडे क्रिकेट की गति अब टी20 जैसी तेज हो चुकी है. खिलाड़ी एक ही दिन में ढाई टी20 मैच के बराबर खेलते हैं, जिससे 10 मुकाबलों तक शारीरिक और मानसिक ऊर्जा का समान स्तर बनाए रखना बेहद कठिन हो जाता है. विदेशी परिस्थितियों में यह चुनौती और भी बढ़ जाती है.
चैंपियन बनने के लिए झोंक दूंगा पूरी ताकत: कोहली
कोहली ने कहा, “मेरे लिए यह भारत के लिए खेलने वाला आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही बात मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है. हमारा एकमात्र लक्ष्य विश्व कप की ट्रॉफी उठाना है और इसके लिए मुझे मैदान पर जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं.” आंकड़ों की बात करें तो कोहली ने वनडे विश्व कप के 37 मैचों में 59.83 की औसत से 1,795 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं.
रोहित शर्मा बोले: खेल में कभी खत्म नहीं होती भूख
दूसरी ओर, पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा कि वह वर्ल्ड कप जीतने की चाहत को कोई ‘अधूरा काम’ नहीं मानते. उनके मुताबिक, जब तक वह मैदान पर हैं, नई चुनौतियां उनका इंतजार करती रहेंगी. अलग-अलग देशों और वेन्यू पर खेलना खिलाड़ियों को हर बार नए सिरे से रणनीति बनाने और मानसिक रूप से मजबूत रहने की प्रेरणा देता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




