Bharat Express DD Free Dish

महिला प्रीमियर लीग-WPL 2026 मेगा ऑक्शन: सबसे महंगी बोली के बाद दीप्ति शर्मा के लिए यूपी वॉरियर्ज ने किया ‘आरटीएम’ का इस्तेमाल

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए गुरुवार (27 नवंबर) को नई दिल्ली में नीलामी की प्रक्रिया चल रही है. महिला प्रीमियर लीग में पहली बार नीलामी के दौरान आरटीएम का इस्तेमाल किया गया.

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए गुरुवार (27 नवंबर) को नई दिल्ली में नीलामी की प्रक्रिया चल रही है. महिला प्रीमियर लीग में पहली बार नीलामी के दौरान आरटीएम का इस्तेमाल किया गया. यूपी वॉरियर्ज ने दिग्गज ऑलराउंडर और पिछले सीजन में टीम की कप्तान रहीं दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) को ‘आरटीएम’ का इस्तेमाल करते हुए फिर से अपने साथ जोड़ा.

यूपी वॉरियर्ज ने दीप्ति शर्मा को रिटेन नहीं किया था. दीप्ति को रिटेन न करने का फैसला चौंकाने वाला था. वनडे विश्व कप 2025 में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में दीप्ति का अहम योगदान रहा था. गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने वाली दीप्ति को टूर्नामेंट का श्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था. यूपी वॉरियर्ज के लिए भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. इसके बावजूद उन्हें रिटेन न किया जाना चौंकाने वाला फैसला था.

नीलामी में यूपी वॉरियर्ज ने फिर से चौंकाया है. टीम ने इतिहास रचते हुए नीलामी में पहली बार आरटीएम का इस्तेमाल किया और दीप्ति शर्मा को 3.2 करोड़ की ऑक्शन की सबसे बड़ी कीमत पर फिर से अपने साथ जोड़ लिया. नीलामी में दीप्ति शर्मा मार्की खिलाड़ियों के पहले सेट का हिस्सा थीं.

3 साल, 25 मैच, 27 विकेट और 507 रन

दीप्ति के लिए बोली की शुरुआत धीमी रही थी और शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख में उन्हें खरीदने का प्रयास किया था. इसके बाद यूपी वॉरियर्ज ने आरटीम का इस्तेमाल किया और 3.2 करोड़ में उन्हें अपने साथ जोड़ा. दीप्ति शर्मा 2023 से 2025 तक यूपी वॉरियर्ज के लिए खेल चुकी हैं और टीम की कप्तान रह चुकी हैं. तीन साल में दीप्ति ने टीम के लिए 25 मैचों में 27 विकेट लिए हैं और 507 रन बनाए हैं.

यूपी वॉरियर्ज ने दीप्ति के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स को तीन बार अपनी कप्तानी में फाइनल में पहुंचाने वाली मेग लैनिंग को भी खरीदा है. ऐसे में देखना होगा कि टीम की कप्तानी दीप्ति करती हैं या मैनेजमेंट ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मेग लैनिंग पर भरोसा जताती है. महिला प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी तक होगा.


ये भी पढ़ें: T20 World Cup जीतकर लौटी इंडियन वुमेंस ब्लाइंड टीम की PM मोदी से मुलाकात, पीएम ने लड्डू खिलाकर किया वर्ल्ड चैंपियंस का स्वागत


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read