Bharat Express DD Free Dish

Final WPL RCB vs DC: इतिहास रचा! रिकॉर्डतोड़ फाइनल में RCB बनी चैंपियन, दिल्ली के हाथ फिर लगी मायूसी

वडोदरा में खेला गया WPL 2026 फाइनल में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया है.

Final WPL RCB vs DC

Final WPL RCB vs DC: क्रिकेट के मैदान पर जब आरसीबी (RCB) की टीम उतरती है, तो रोमांच अपने आप सातवें आसमान पर पहुंच जाता है. वडोदरा के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन के हाई-वोल्टेज फाइनल में ऐसा ही नजारा देखने को मिला है. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स के जबड़े से जीत छीनते हुए दूसरी बार खिताब पर अपना कब्जा जमा लिया है. इस खिताबी मुकाबले में आरसीबी ने दिल्ली को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी.

204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत देखकर ऐसा लग रहा था कि राह मुश्किल होगी, लेकिन कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने कुछ और ही सोच रखा था. इन दोनों ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की ऐसी बरसात की कि दिल्ली के गेंदबाज बेबस नजर आए. मंधाना ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 41 गेंदों में ताबड़तोड़ 87 रन कूट डाले, वहीं जॉर्जिया वोल ने भी 54 गेंदों पर 79 रनों की जानदार पारी खेली.

इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया. अंत में राधा यादव ने विजयी चौका जड़कर आरसीबी को 19.4 ओवर में ही जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया.

दिल्ली का सपना फिर टूटा

दूसरी ओर, जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार किसी गहरे जख्म से कम नहीं है. लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचने के बाद भी दिल्ली की टीम खिताब से महरूम रह गई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 203 रनों का मजबूत स्कोर बनाया था. कप्तान जेमिमा ने खुद 37 गेंदों में 57 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला. लॉरा वोलवार्ट (44), शिनेल हेनरी (35) और लिजेल ली (39) ने भी अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन बोर्ड पर लगे 200 से ज्यादा रन भी मंधाना की ‘आर्मी’ को नहीं रोक पाए.

शानदार रहा आरसीबी का सफर

इस सीजन में आरसीबी ने शुरुआत से ही अपनी बादशाहत कायम रखी थी. टीम ने लीग के 8 में से 6 मैचों में जीत दर्ज कर सीधे फाइनल का टिकट कटाया था. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताबी जंग में उनका अनुभव स्मृति मंधाना के आक्रामक अंदाज के सामने फीका पड़ गया.

दोनों टीमों की प्लेइंग-11 कुछ इस प्रकार थी,

आरसीबी: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष, राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्रकार, श्रेयंका पाटिल, सयाली सतघरे, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल.

दिल्ली कैपिटल्स: शेफाली वर्मा, लिजेल ली, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिज़ैन कप्प, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदनी शर्मा, एन श्री चरणी.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप में नहीं होगा भारत-पाक महामुकाबला! पीएम शहबाज शरीफ ने तोड़ी चुप्पी, किया ये बड़ा ऐलान

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read