Bharat Express DD Free Dish

8वें वेतन आयोग के बाद बंद नहीं होगी पेंशन! वायरल दावों पर JCM महासचिव ने दिया बड़ा अपडेट

8th Pay Commission Pension: 8वें वेतन आयोग को लेकर सोशल मीडिया पर मौजूदा पेंशन बंद होने और 2026 के बाद रिटायर होने वालों को ही संशोधन का लाभ मिलने का दावा वायरल है. JCM महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने इन दावों को निराधार बताया और पेंशनर्स से सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की.

8th Pay Commission Pension Update bharat express

8th Pay Commission Pension Update -bharat express

8th Pay Commission Pension Update: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच 8वें वेतन आयोग को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे मैसेज वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि 8वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद मौजूदा पेंशनर्स की पेंशन बंद हो सकती है. कुछ संदेशों में यह भी कहा जा रहा है कि पेंशन संशोधन का फायदा केवल 2026 के बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगा. इन दावों को लेकर पेंशनर्स के बीच चिंता बढ़ी है. हालांकि, नेशनल काउंसिल (Joint Consultative Machinery-JCM) के स्टाफ साइड के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने इन वायरल दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.

वायरल मैसेज पर क्या बोले शिव गोपाल मिश्रा?

शिव गोपाल मिश्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर पेंशनर्स को स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि कई पेंशनर्स ने उनसे सीधे संपर्क करके वायरल हो रहे संदेशों की सच्चाई जानने की कोशिश की थी. मिश्रा ने कहा कि उनके नाम से सोशल मीडिया पर ऐसे मैसेज प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि कुछ पेंशनर्स की पेंशन बंद हो जाएगी या पेंशन संशोधन का लाभ सिर्फ 2026 के बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगा. उन्होंने इन दावों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया.

पेंशनर्स को घबराने की जरूरत नहीं

JCM महासचिव के मुताबिक, 8वें वेतन आयोग में पेंशन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर फिलहाल चर्चा चल रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पहले से रिटायर हो चुके पेंशनर्स और भविष्य में रिटायर होने वाले कर्मचारियों, दोनों को पेंशन मिलती रहेगी. उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन में समय के साथ सुधार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहने की उम्मीद है. ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन दावों पर भरोसा करने की जरूरत नहीं है, जिनमें मौजूदा पेंशनर्स की पेंशन बंद होने की बात कही जा रही है.

यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की चमक अचानक हुई फीकी, फेडरल रिजर्व प्रमुख के एक भाषण से धड़ाम हुए दाम

सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा

शिव गोपाल मिश्रा ने पेंशनर्स से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली हर जानकारी पर विश्वास न करें. उन्होंने कहा कि उनके पास उन सोशल मीडिया चैनलों को रोकने का कोई सीधा तरीका नहीं है, जहां से इस तरह के भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं. उन्होंने पेंशनर्स को सलाह दी कि 8वें वेतन आयोग और पेंशन से जुड़े किसी भी अपडेट के लिए यूनियन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी को ही आधार बनाएं.

क्या 2026 के बाद रिटायर होने वालों को ही मिलेगा लाभ?

फिलहाल वायरल संदेशों में किया जा रहा यह दावा कि पेंशन संशोधन का लाभ केवल 2026 के बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगा, सही नहीं बताया गया है. पेंशन से जुड़े मुद्दे 8वें वेतन आयोग की चर्चा का हिस्सा हैं और इस संबंध में अंतिम तस्वीर आधिकारिक निर्णयों के बाद ही स्पष्ट होगी. इसलिए पेंशनर्स को सोशल मीडिया पर चल रहे अपुष्ट संदेशों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read