Urdu Conclave 2026

दिल्ली में भारत टैक्सी की शुरुआत, निजी कैब कंपनियों को सीधी चुनौती

Bharat Taxi Delhi Launch: राजधानी दिल्ली में आज से भारत टैक्सी की शुरुआत हो गई है. सरकार समर्थित इस कोऑपरेटिव कैब सर्विस का मकसद यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और भरोसेमंद टैक्सी सेवा देना है.

Bharat Taxi Delhi Launch: दिल्ली की सड़कों पर आज से नई सरकारी कैब सर्विस भारत टैक्सी शुरू होने वाली है. यह सहकारी प्लेटफॉर्म सरकार के समर्थन से लॉन्च किया गया है, जिसका मकसद आम लोगों को किफायती, सुरक्षित और भरोसेमंद टैक्सी सेवा देना है. बढ़ते किराये, सर्ज प्राइसिंग और शिकायतों से परेशान यात्रियों के लिए यह सेवा एक मजबूत विकल्प मानी जा रही है, जो निजी कैब कंपनियों को सीधी टक्कर देगी.

सबसे बड़ा ड्राइवर-ओन्ड नेटवर्क

भारत टैक्सी को दुनिया के सबसे बड़े ड्राइवर-ओन्ड नेटवर्क के रूप में पेश किया जा रहा है. दिल्ली और गुजरात में कार, ऑटो और बाइक कैटेगरी मिलाकर 56,000 से अधिक ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं. हालांकि फिलहाल यह सेवा पूरे देश में लागू नहीं हुई है लेकिन दिल्ली में इसकी आधिकारिक रूप से शुरू होने के लिए तैयार है.

कैसे होगा बुकिंग?

भारत टैक्सी की बुकिंग के लिए सरकारी Bharat Taxi मोबाइल ऐप उपलब्ध है. राइडर और ड्राइवर दोनों के लिए अलग-अलग ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर पर मौजूद हैं. यात्रियों को राइडर ऐप डाउनलोड करना होगा, जबकि ड्राइवरों को ड्राइवर ऐप इंस्टॉल करना होगा. ऐप में रियल टाइम कैब ट्रैकिंग, ड्राइवर डिटेल्स और किराये की पूरी जानकारी पहले ही मिल जाएगी.

सेवा की सबसे बड़ी खासियत

इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका फेयर स्ट्रक्चर है. भारत टैक्सी में सर्ज प्राइसिंग जैसी व्यवस्था नहीं होगी. यानी पीक ऑवर या खराब मौसम में भी यात्रियों को मनमाना किराया नहीं देना पड़ेगा. यही पहल निजी कैब कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है.

ड्राइवरों को मिलेगा ज्यादा हिस्सा

टैक्सी कोऑपरेटिव का दावा है कि इस प्लेटफॉर्म पर ड्राइवरों को ग्राहकों से मिले भुगतान का 80 प्रतिशत से भी अधिक हिस्सा मिलेगा. इससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और वे बिना दबाव के बेहतर सेवा दे सकेंगे. यह मॉडल ड्राइवरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

ऑटो, कार और बाइक की सुविधा

भारत टैक्सी ऐप पर यात्रियों को ऑटो, कार और बाइक तीनों विकल्प मिलेंगे. इससे छोटी दूरी से लेकर लंबी यात्रा तक हर जरूरत के लिए एक ही प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा. ग्राहक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन चुन सकेंगे.

ये भी पढ़ें-यूपी में नया बिजली कनेक्शन सस्ता और आसान, स्मार्ट मीटर की कीमतों में बड़ी कटौती

सुरक्षा पर जोर

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है. ऐप में इमरजेंसी बटन, लाइव लोकेशन शेयरिंग और ट्रिप हिस्ट्री जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, ताकि लोग निश्चिंत होकर यात्रा कर सकें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read