Bharat Express DD Free Dish

डिजिटल इंडिया ने दी चेतावनी! नकली Digi Locker ऐप्स से सावधान, तुरंत करें डिलीट; सरकारी ने जारी की एडवाइजरी

डिजिटल इंडिया के युग में Digi Locker एक महत्वपूर्ण और सुरक्षित प्लेटफॉर्म बन चुका है, लेकिन सरकार ने फर्जी Digi Locker ऐप्स को लेकर चेतावनी जारी की है.

डिजिटल इंडिया के इस दौर में Digi Locker लाखों लोगों के लिए एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मार्कशीट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे जाते हैं. कई लोग फिजिकल कॉपी साथ रखने के बजाय इसका डिजिटल वर्जन ही इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अब सरकार ने Digi Locker को लेकर एक गंभीर चेतावनी जारी की है, जिसमें नकली और धोखाधड़ी वाले ऐप्स से सावधान रहने को कहा गया है.

फर्जी Digi Locker ऐप्स पर सरकार की एडवायजरी

भारत सरकार के Digital India हैंडल द्वारा जारी एक पोस्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि ऐप स्टोर्स पर नकली Digi Locker ऐप्स लगातार सर्कुलेट हो रही हैं. इन ऐप्स का डिजाइन, नाम और लोगो इस तरह बनाया गया है कि वे असली ऐप जैसी दिखाई दें, जिससे आम यूजर्स आसानी से भ्रमित हो जाते हैं.

सरकार ने कहा है कि ‘केवल आधिकारिक Digi Locker ऐप का उपयोग करें और डाउनलोड करने से पहले ऐप की प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें.’

क्या आपने भी नकली ऐप डाउनलोड की है?

पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि यदि किसी यूजर ने गलती से कोई संदिग्ध या फर्जी ऐप डाउनलोड कर लिया है, तो तुरंत उसे फोन से हटा दें. इसके साथ ही उस ऐप से जुड़े सभी अकाउंट्स के पासवर्ड तुरंत बदलने की सलाह दी गई है. नकली ऐप आपके निजी दस्तावेज, पासवर्ड और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के लिए खतरा साबित हो सकती है.

कौन सी है असली Digi Locker ऐप?

सरकार ने स्पष्ट किया है कि असली Digi Locker ऐप का नाम बिल्कुल यही है Digi Locker. इसे National e-Governance Division (NeGD) द्वारा विकसित किया गया है. इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://www.digilocker.gov.in ऐप डाउनलोड करते समय ऐप के नाम की स्पेलिंग, डेवलपर का नाम और रेटिंग को ध्यान से देखना बेहद जरूरी है. किसी भी तरह की स्पेलिंग मिस्टेक या अज्ञात डेवलपर से सावधान रहें.

सुरक्षित डाउनलोड के लिए सरकार की सलाह

सरकार ने सलाह दी है कि Digi Locker ऐप को हमेशा सरकारी वेबसाइट्स पर दिए गए आधिकारिक लिंक से ही डाउनलोड करें. इसके अलावा—

  • किसी भी थर्ड-पार्टी ऐप स्टोर पर उपलब्ध वर्जन पर भरोसा न करें.
  • अनजान डेवलपर्स की ऐप्स इंस्टॉल करने से बचें.
  • किसी अनजान नंबर या संदिग्ध मैसेज से आए लिंक पर क्लिक कर ऐप या फाइल डाउनलोड ना करें.

फर्जी Digi Locker ऐप आपके निजी दस्तावेज, आधार डिटेल, बैंक जानकारी और पहचान से जुड़े डेटा को चुराने का खतरा पैदा करती हैं. ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बेहतर विकल्प है.

ये भी पढ़ें: किसानों की बल्ले-बल्ले! सोलर पंप पर 90% छूट; कैसे मिलेगा बदली योजना का लाभ?

Also Follow Bharat Express on Youtube

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read