Ayushman Bharat Yojana: केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना अब दिल्ली में भी शुरू होने जा रही है. हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई. इससे दिल्ली के लोगों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सकेगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कवरेज मिलेगा. इसमें 5 लाख रुपये का खर्च दिल्ली सरकार और 5 लाख रुपये का खर्च केंद्र सरकार उठाएगी. योजना के तहत आयुष्मान कार्ड धारक दिल्ली के सरकारी और केंद्र सरकार द्वारा सूचीबद्ध किसी भी निजी अस्पताल में इलाज करा सकेंगे.
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा. यदि कोई पहले से किसी अन्य सरकारी योजना से कवर है, तो भी उसे 5 लाख रुपये तक की सुविधा दी जाएगी. जिनके पास पहले से स्वास्थ्य बीमा है, वे भी इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का वार्षिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं.
कैसे करें आवेदन?
- आधिकारिक वेबसाइट abdm.gov.in पर जाएं.
- आधार कार्ड या राशन कार्ड को PMJAY कियोस्क पर सत्यापित कराएं.
- परिवार प्रमाण पत्र जमा करें और आवश्यक जानकारी भरें.
- इसके बाद AB-PMJAY आईडी के साथ ई-कार्ड प्रिंट करें.
परिवार के कितने लोग बना सकते हैं कार्ड?
सरकार ने इस योजना में परिवार के सदस्यों की संख्या पर कोई सीमा तय नहीं की है. यानी, एक ही परिवार के सभी पात्र सदस्य अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं. दिल्ली सरकार के इस फैसले से लाखों जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


