Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार से एक ऐसी खबर आई है जिसने निवेशकों के होश उड़ा दिए हैं और आम जनता को हैरान कर दिया है. अगर आप कल तक सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे थे, तो शायद अब आपको अपनी जेब पर थोड़ा कम बोझ महसूस हो. दरअसल, बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में एक ऐसी ऐतिहासिक गिरावट आई है, जिसे एक्सपर्ट्स ‘बुलबुले का फूटना’ कह रहे हैं. एक ही दिन में चांदी का भाव 1 लाख रुपये से ज्यादा टूट गया, तो वहीं सोना भी हजारों रुपये सस्ता हो गया है.
चांदी की कीमतों में ‘महा-क्रैश’
सबसे ज्यादा चौंकाने वाले आंकड़े चांदी के हैं. गुरुवार तक जो चांदी रॉकेट की रफ्तार से भाग रही थी और पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई थी, शुक्रवार को वह ताश के पत्तों की तरह ढह गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी कल के बंद भाव से सीधे 1,07,971 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर 2,91,922 रुपये पर आ गई. अगर इसके लाइफटाइम हाई (4.20 लाख रुपये) से तुलना करें, तो महज 24 घंटों के भीतर चांदी करीब 1.28 लाख रुपये सस्ती हो चुकी है.
सोने की चमक भी हुई फीकी
चांदी के साथ-साथ सोने के निवेशकों को भी बड़ा झटका लगा है. 24 कैरेट सोने की कीमत में एक ही दिन में 33,113 रुपये की भारी गिरावट देखी गई. जो सोना गुरुवार को 1,83,962 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था, वह शुक्रवार को फिसलकर 1,50,849 रुपये पर बंद हुआ. अपने ऑल-टाइम हाई स्तर से देखें तो सोना अब तक 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
ये भी पढ़ें- सोना-चांदी की कीमतों में आया ‘महा-भूचाल’; आसमान से सीधे जमीन पर गिरे दाम, खरीदारों की चमकी किस्मत!
आखिर क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
बाजार के जानकारों का कहना है कि यह गिरावट अप्रत्याशित नहीं थी. इसके पीछे कई बड़े कारण हैं:
भारी मुनाफासूली: जब कीमतें अपने चरम पर पहुंच गईं, तो बड़े निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग (मुनाफासूली) शुरू कर दी. हर कोई ऊंचे दामों पर अपना माल बेचकर पैसा निकालना चाहता था, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया.
डॉलर की मजबूती: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में तेजी आई है. आमतौर पर जब डॉलर मजबूत होता है, तो सोने और चांदी की डिमांड कम हो जाती है, जिससे कीमतें गिरती हैं.
ग्लोबल संकेत: डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से वैश्विक तनाव में कुछ कमी आने की उम्मीद और अमेरिकी फेडरल रिजर्व में नए बदलावों की चर्चा ने भी कीमती धातुओं की कीमतों को नीचे धकेला है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



