Gold Silver Price Today: सोना और चांदी खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए मार्केट से एक ऐसी खबर आई है, जो उनके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है. पिछले कुछ दिनों से इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने-चांदी की कीमतें जिस रफ्तार से रॉकेट बनी हुई थीं, अब उस तूफानी तेजी पर अचानक ब्रेक लग गया है. घरेलू बाजार से लेकर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज तक, दोनों ही कीमती धातुएं ताश के पत्तों की तरह भरभराकर टूट गई हैं. शुक्रवार को बाजार खुलते ही चांदी में जहां ₹17,000 से ज्यादा की ऐतिहासिक गिरावट आई, वहीं सोना भी एक झटके में ₹3,000 प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया.
चांदी में दो दिन के भीतर बड़ी तबाही
आपको याद होगा कि सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद 13 मई को बाजार खुलते ही चांदी अचानक ₹22,000 महंगी हो गई थी. लेकिन यह तेजी ज्यादा दिन टिक नहीं सकी. 14 मई से जो गिरावट शुरू हुई, उसने शुक्रवार को क्रैश का रूप ले लिया.
गुरुवार को जो चांदी ₹2,91,102 प्रति किलो पर बंद हुई थी, वह शुक्रवार सुबह सीधे ₹2,73,636 पर आ गई. यानी चंद मिनटों में यह ₹17,466 सस्ती हो गई. अगर पिछले दो दिनों का हिसाब लगाएं, तो चांदी के दाम ₹3,00,238 के ऊंचे स्तर से करीब ₹26,602 तक नीचे आ चुके हैं.
अपने ऑल-टाइम हाई से बहुत सस्ते हुए दाम
अगर आप लंबी अवधि के हिसाब से देखें, तो यह गिरावट और भी बड़ी नजर आएगी. इसी साल जनवरी के महीने में चांदी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए ₹4,57,328 प्रति किलो का अपना लाइफ-टाइम हाई लेवल छुआ था. लेकिन आज की गिरावट के बाद चांदी अपने उस रिकॉर्ड स्तर से पूरे ₹1,83,692 प्रति किलो सस्ती मिल रही है.
ये भी पढ़ें- Snapchat जैसा मजा अब Instagram पर! लॉन्च हुआ ‘Instants’ फीचर, जानें इसमें क्या-क्या चीजें हैं खास?
सोने की चमक भी पड़ी फीकी
चांदी के नक्शेकदम पर चलते हुए सोने की रफ्तार भी सुस्त पड़ गई है. एमसीएक्स पर 5 जून की एक्सपायरी वाला सोना गुरुवार को ₹1,61,978 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो शुक्रवार को लुढ़ककर ₹1,58,852 पर आ गया. इस तरह 24 कैरेट शुद्ध सोना एक ही दिन में ₹3,126 प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है. सोने के ऑल-टाइम हाई (₹2,02,984) से तुलना करें, तो यह कीमती पीली धातु अभी अपने रिकॉर्ड स्तर से ₹44,132 सस्ती बिक रही है.
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अचानक आई इस गिरावट से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी जिनके घरों में आने वाले दिनों में शादियां हैं. बाजार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को थोड़ा संभलकर कदम उठाने की सलाह दी जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

