Gold Silver Price Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आज की खबर आपके लिए थोड़ी भारी पड़ सकती है. महज एक दिन की मामूली राहत के बाद सराफा बाजार में पीली धातु की चमक एक बार फिर तेज हो गई है. 11 अप्रैल की सुबह भारतीय बाजारों में सोने की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया, जिसने खरीदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. दिल्ली से लेकर मुंबई तक, सोने के दाम आसमान छूते नजर आ रहे हैं.
शहरों में क्या है सोने का हाल?
देश की राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,510 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है. वहीं, अगर आप गहने बनाने के लिए 22 कैरेट सोना देख रहे हैं, तो इसका भाव 1,39,810 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है. आर्थिक राजधानी मुंबई और कोलकाता की बात करें, तो यहां 24 कैरेट सोना 1,52,360 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है.
सबसे ज्यादा तेजी दक्षिण भारत के चेन्नई में देखने को मिल रही है, जहां 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,54,100 रुपये तक जा पहुंचा है. इंटरनेशनल मार्केट में भी हलचल तेज है, जहां स्पॉट गोल्ड 4,777 डॉलर प्रति औंस के करीब बना हुआ है, जिसका सीधा असर हमारे घरेलू मार्केट पर दिख रहा है.
चांदी की कीमतों में भी आया उबाल
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी ने भी आज निवेशकों को चौंका दिया है. चांदी की कीमतें एक बार फिर 2,60,100 रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गई हैं. बता दें कि इसी साल जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर भी छुआ था. ग्लोबल मार्केट में चांदी की मांग बढ़ने की वजह से घरेलू बाजार में भी इसकी कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है.
ये भी पढ़ें- सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट: 10 अप्रैल को सस्ता हुआ सोना, जानें आपके शहर में 22 और 24 कैरेट के ताजा भाव
क्या अभी निवेश करना सही है?
बाजार विशेषज्ञों और टेक्निकल चार्ट्स की मानें तो सोने और चांदी में फिलहाल ‘तेजी का ट्रेंड’ बना हुआ है. ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों से सोना लगातार बढ़त दिखा रहा है. हालांकि बीच-बीच में छोटी गिरावटें आ रही हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि जब तक सोना अपने पुराने निचले स्तरों से ऊपर बना हुआ है, तब तक लंबी अवधि के लिए माहौल पॉजिटिव ही रहेगा.
अगर आप निवेशक हैं, तो बाजार के जानकारों की सलाह है कि हर छोटी गिरावट पर खरीदारी का मौका तलाशें. हालांकि, रिस्क को कम करने के लिए ‘स्टॉप-लॉस’ का ध्यान रखना भी जरूरी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



