Gold Silver Price Today: अगर आप शादी-ब्याह के लिए गहने बनवाने की सोच रहे थे या निवेश का प्लान बना रहे थे, तो आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है. गुरुवार को सर्राफा बाजार खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में ऐसी गिरावट आई कि खरीदारों के चेहरे खिल गए. आज चांदी की चमक काफी फीकी रही और यह खुलने के साथ ही करीब 6000 रुपये प्रति किलो तक टूट गई. वहीं, सोने की कीमतों में भी नरमी देखी गई है.
चांदी ने लगाया 6000 का गोता
आज सुबह जैसे ही कारोबार शुरू हुआ, 5 मई की एक्सपायरी वाली चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई. पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,48,364 रुपये पर बंद हुई थी, लेकिन आज यह फिसलकर 2,42,220 रुपये के स्तर पर आ गई. इसका मतलब है कि चांदी एक झटके में 6,144 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है.
हैरानी की बात यह है कि इसी साल जनवरी में चांदी ने 4,39,337 रुपये का अपना लाइफ-टाइम हाई लेवल छुआ था. अगर उस रिकॉर्ड लेवल से तुलना करें, तो आज चांदी आपको करीब 1,97,117 रुपये सस्ती मिल रही है. यानी चांदी अपने चरम से लगभग आधी कीमत के करीब आ गई है.
सोना भी हुआ सस्ता, 51 हजार की बड़ी राहत
सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि ‘पीली धातु’ यानी सोने के दाम भी गिरे हैं. MCX पर 5 जून की एक्सपायरी वाला सोना आज 1,51,719 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जबकि कल यह 1,52,657 रुपये पर बंद हुआ था. इस तरह 24 कैरेट सोने के रेट में करीब 938 रुपये की कमी आई है.
अगर हम जनवरी के रिकॉर्ड को याद करें, जब सोने ने पहली बार 2 लाख का आंकड़ा पार करते हुए 2,02,984 रुपये का शिखर छुआ था, तो वहां से अब तक सोना 51,265 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
ये भी पढ़ें- ‘कृषि रत्न’ मॉडल: नीले-पीले और नारंगी तरबूज से किसान ने बदली किस्मत, लाखों में पहुंचा मुनाफा
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
बाजार के जानकारों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में हो रहे उतार-चढ़ाव और घरेलू मांग में आए बदलाव की वजह से कीमतों में यह सुधार दिख रहा है. हालांकि, कीमतें गिरने से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जो पिछले कई महीनों से भाव कम होने का इंतजार कर रहे थे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


