Gold Silver Price Today: अगर आप इस ताक में बैठे थे कि सोना और चांदी के दाम गिरेंगे और आप गहनों की खरीदारी करेंगे, तो आज की खबर आपको थोड़ा परेशान कर सकती है. बीते कुछ दिनों की शांति के बाद, आज यानी 30 अप्रैल को बाजार खुलते ही कीमती धातुओं ने ऐसी रफ़्तार पकड़ी है कि आम आदमी के पसीने छूट रहे हैं. गुरुवार की सुबह सराफा बाजार में रौनक तो दिखी, लेकिन यह रौनक खरीदारों की जेब पर भारी पड़ती नजर आ रही है.
सोने की कीमतों ने पकड़ी रफ्तार
आज सुबह जैसे ही ट्रेडिंग शुरू हुई, सोने की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया. अलग-अलग शहरों के हिसाब से देखें तो 10 ग्राम सोने के दाम में 70 रुपये से लेकर 260 रुपये तक की बढ़त देखी जा रही है. फिलहाल बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1,49,268 रुपये के आसपास बना हुआ है. हैरानी की बात तो यह है कि आज सोने ने अपना हाई लेवल 1,49,526 रुपये तक छू लिया. इसे देखकर साफ लग रहा है कि सोना अब फिर से डेढ़ लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक आंकड़े को पार करने की पूरी कोशिश में है.
चांदी ने तो सबको चौंका दिया!
सोने की तेजी तो फिर भी समझ आती है, लेकिन असली ‘शॉक’ तो चांदी ने दिया है. चांदी की कीमतों में आज सीधे 1200 से 1300 रुपये प्रति किलो की भारी तेजी आई है. इस उछाल के बाद अब एक किलो चांदी का भाव 2,34,555 रुपये पर पहुंच गया है. बाजार के जानकारों की मानें तो चांदी जिस तरह से दौड़ रही है, उसे देखकर लग रहा है कि यह बहुत जल्द ढाई लाख रुपये के आंकड़े को भी पीछे छोड़ देगी.
खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान
शादियों का सीजन हो या निवेश का इरादा, भारतीयों के लिए सोना-चांदी हमेशा से पहली पसंद रहे हैं. लेकिन अगर आप आज दुकान पर जाने का मन बना चुके हैं, तो एक बात गांठ बांध लें सराफा बाजार में स्थिरता की कमी है. आपको बताते चलें कि ऊपर बताए गए रेट्स सुबह के शुरुआती कारोबार के हैं. वैश्विक हलचल और मांग को देखते हुए शाम तक इन कीमतों में और बदलाव हो सकता है. वहीं ध्यान रहे कि ऊपर बताए गए दाम बेस प्राइस हैं. जब आप ज्वेलरी खरीदते हैं, तो उस पर जीएसटी और मेकिंग चार्जेस अलग से लगते हैं, जिससे फाइनल बिल थोड़ा और बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें- सोना-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, एक ही दिन में चांदी 7000 रुपये टूटी; क्या ये निवेश का सही मौका है?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



