Gold Silver Price Today: अगर आप भी अपनी शादी की शॉपिंग या निवेश के लिए सोने-चांदी की कीमतों पर नजर गड़ाए बैठे थे, तो आज का दिन आपके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है. मंगलवार, 9 अप्रैल को बाजार खुलते ही कीमती धातुओं के दाम धड़ाम से गिर गए हैं. सबसे ज्यादा असर चांदी पर पड़ा है, जिसकी कीमतों में 4,000 रुपये प्रति किलो की भारी कटौती देखी गई. इस गिरावट के बाद अब बाजार में चांदी 2,35,958 रुपये के स्तर पर आ गई है.
सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि सोने की चमक भी आज थोड़ी फीकी है. 10 ग्राम सोने के भाव फिसलकर 1,51,215 रुपये पर आ गए हैं. ये हाल सिर्फ भारत के बाजारों का नहीं है, बल्कि विदेशों में भी सोने-चांदी की मांग में कमी आई है.
आखिर अचानक क्यों गिर गए दाम?
बाजार के जानकारों का कहना है कि इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह मिडिल-ईस्ट (अमेरिका-ईरान) में बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतें हैं. जब तेल महंगा होता है, तो दुनियाभर में महंगाई बढ़ने का डर सताने लगता है. ऐसी स्थिति में दुनिया के बड़े बैंक ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला ले सकते हैं. नियम सीधा है जब ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो बड़े निवेशक सोने से पैसा निकालकर बॉन्ड्स जैसे विकल्पों में लगाने लगते हैं, जिससे सोने की डिमांड गिर जाती है और दाम नीचे आ जाते हैं.
ट्रंप का समझौता और महंगाई का डर
अभी कुछ ही समय पहले डोनाल्ड ट्रंप की ओर से मिलिट्री एक्शन रोकने और समुद्री रास्तों (Strait of Hormuz) को खोलने के समझौते की खबर आई थी, जिससे बाजार में थोड़ी शांति लौटी थी. लेकिन महंगाई के ताज़ा आंकड़ों ने निवेशकों को फिर से डरा दिया है, जिसका सीधा असर आज की कीमतों पर दिख रहा है.
ये भी पढ़ें- सोना-चांदी खरीदने वालों की निकल पड़ी! हाई लेवल से 2 लाख रुपये से ज्यादा टूट गई चांदी, क्या यही है निवेश का सही मौका?
आम आदमी क्या करे? एक्सपर्ट्स की राय
अगर आप इस वक्त खरीदारी करने का मन बना रहे हैं, तो एक्सपर्ट्स एक खास सलाह दे रहे हैं. मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि अभी बाजार में बहुत ज्यादा ‘उतार-चढ़ाव’ यानी वोलेटिलिटी है. इसलिए एक ही बार में अपनी सारी जमा-पूंजी न लगाएं.
बेहतर होगा कि आप ‘Buy on Dip’ यानी किस्तों में खरीदारी करें. जैसे-जैसे दाम गिरें, वैसे-वैसे थोड़ा-थोड़ा सोना खरीदते रहें. साथ ही, चांदी में निवेश करते वक्त ज्यादा सावधानी बरतें क्योंकि चांदी की कीमतें सोने के मुकाबले बहुत तेजी से ऊपर-नीचे होती हैं, जिसमें जोखिम थोड़ा ज्यादा रहता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




