Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों के बीच हल्की चिंता का माहौल बन गया है. सुबह के कारोबार में दोनों कीमती धातुओं के दाम नीचे आ गए. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में कमजोरी दर्ज की गई.
सोना-चांदी फिसले
सुबह करीब 10 बजे सोने की कीमत में 800 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. यह करीब 850 रुपये टूटकर 10 ग्राम पर 1,58,231 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था. चांदी में गिरावट और भी तेज रही. चांदी करीब 3,864 रुपये गिरकर 1 किलो पर 2,72,852 रुपये तक आ गई.
इसी तरह गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने का भाव भी नीचे आया और 10 ग्राम पर करीब 490 रुपये की गिरावट के बाद 1,58,890 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. हालांकि चांदी की खुदरा कीमत करीब 2.85 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास स्थिर बनी रही.
गिरावट की वजह क्या?
इस गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय हालात को बड़ा कारण माना जा रहा है. अमेरिका द्वारा ईरान के कुछ ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक तनाव बढ़ गया है. इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई.
तेल की कीमतें बढ़ने का असर सीधे तौर पर महंगाई की उम्मीदों पर पड़ता है. जब महंगाई बढ़ने की आशंका होती है, तो केंद्रीय बैंक अक्सर ब्याज दरों को ऊंचा बनाए रखते हैं. ऐसे में बिना ब्याज देने वाला निवेश यानी सोना निवेशकों के लिए थोड़ा कम आकर्षक हो जाता है, जिससे इसकी मांग पर दबाव पड़ता है.
ये भी पढे़ं- क्या आप भी नहीं करते मोबाईल रीस्टार्ट? फायदे जान हो जाएंगे हैरान
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी
विदेशी बाजारों में भी मंगलवार को सोने और चांदी में गिरावट देखी गई. हाजिर सोना करीब 0.7% गिरकर 4537.54 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. हालांकि जून डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में हल्की बढ़त दर्ज की गई.
चांदी की बात करें तो यह 1.8% गिरकर 76.66 डॉलर प्रति औंस पर आ गई. प्लैटिनम और पैलेडियम जैसी अन्य कीमती धातुओं में भी कमजोरी देखने को मिली और दोनों के दाम में करीब 1% तक की गिरावट दर्ज की गई.
साथ ही बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक मौजूदा उतार-चढ़ाव वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं का नतीजा है. ऐसे में आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय घटनाओं और ब्याज दरों की दिशा पर निर्भर रहेंगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


