Gold Silver Price Today: अगर आप इस हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट को देखकर खुश थे और सोच रहे थे कि फुर्सत से खरीदारी करेंगे, तो आपके लिए आज की खबर थोड़ी परेशान करने वाली है. पिछले कुछ दिनों की सुस्ती के बाद बुलियन मार्केट यानी सर्राफा बाजार ने आज ऐसी करवट ली है कि ग्राहकों के पसीने छूट गए हैं. बुधवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में 5,000 रुपये प्रति किलो की ‘तूफानी’ तेजी दर्ज की गई, वहीं सोना भी पीछे नहीं रहा.
सोने-चांदी का आज का ताजा हाल
आज सुबह जब ट्रेडिंग शुरू हुई, तो चांदी की चमक ने सबको चौंका दिया. 5,000 रुपये प्रति किलो की बढ़त के साथ अब चांदी का भाव 2,37,567 रुपये के आसपास पहुंच गया है. यानी चांदी खरीदने का बजट अब और बिगड़ गया है.
दूसरी तरफ, सोने की कीमतों में भी करीब 2,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल देखने को मिला है. फिलहाल बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1,53,165 रुपये के आसपास मंडरा रहा है. दिलचस्प बात यह है कि आज सोने ने दिन के कारोबार में 1,53,303 रुपये का उच्चतम स्तर भी छू लिया.
रातों-रात कैसे बदली बाजार की चाल?
इस तेजी के पीछे एक बड़ा ‘ट्विस्ट’ है. दरअसल, मंगलवार की रात सोने की कीमतों में करीब 2.5 फीसदी की भारी गिरावट आई थी और बाजार 1,51,418 रुपये पर बंद हुआ था. लेकिन आज सुबह बाजार खुलते ही इसने करीब 1 फीसदी की रिकवरी कर ली. एक्सपर्ट्स का कहना है कि कल जो पैसा बाजार से निकला था, आज निवेशकों ने उसे फिर से रिकवर कर लिया है.
दुनिया में क्या चल रहा है?
अजीब बात यह है कि भारतीय बाजार में जहां आग लगी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी करीब 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं. ग्लोबल मार्केट में सोना इस समय 4,867 डॉलर प्रति औंस के करीब है. जानकारों की मानें तो डॉलर के मजबूत होने और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने की खबरों से वैश्विक निवेशक थोड़े सतर्क हो गए हैं और मुनाफावसूली कर रहे हैं.
क्या सोना फिर से रिकॉर्ड तोड़ेगा?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सोना वापस अपने पुराने रिकॉर्ड की तरफ जा रहा है? आपको याद दिला दें कि इसी साल 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था. उस लाइफटाइम हाई से तुलना करें, तो सोना आज भी करीब 40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता मिल रहा है.
फिलहाल शादियों का सीजन होने के कारण डिमांड बहुत ज्यादा है, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है. बाजार अभी काफी अस्थिर है, इसलिए अगर आप निवेश के लिए सोना लेना चाहते हैं, तो एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि गिरावट आने पर ही पैसा लगाएं. लेकिन अगर घर में शादी है, तो कीमतों के पूरी तरह गिरने का इंतजार करना जोखिम भरा हो सकता है. बेहतर होगा कि आप अपने बजट और जरूरत के हिसाब से किस्तों में खरीदारी करें.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



