Gold Silver Price Today: अगर आप पिछले कुछ दिनों से सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे थे तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. पिछले कुछ समय से लगातार आसमान छू रही सोने और चांदी की कीमतों पर अचानक ब्रेक लग गया है. बाजार खुलते ही दोनों की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है जिससे निवेशकों और आम ग्राहकों दोनों की निगाहें इस पर टिक गई हैं. आइए जानते हैं कि आखिर अचानक बाजार में यह बड़ा बदलाव क्यों आया है और इसके पीछे की असली वजहें क्या हैं.
धड़ाम हुए सोने-चांदी के दाम
आज सुबह कारोबार की शुरुआत होते ही सोना और चांदी दोनों धड़ाम हो गए. सुबह करीब सवा नौ बजे सोना 0.61 प्रतिशत टूटकर 1,42,184 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं अगर चांदी की बात करें तो इसमें और भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है. मंगलवार की सुबह चांदी 1.36 प्रतिशत सस्ती होकर 2,18,171 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट पर आ गई. इससे पहले सोमवार की रात को सोना 1,43,105 रुपये और चांदी 2,21,200 रुपये पर बंद हुई थी.
अगर रिकॉर्ड स्तरों से तुलना करें, तो इस साल 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था, जहां से अब यह 50,000 रुपये से ज्यादा सस्ता हो चुका है. वहीं दूसरी ओर चांदी का रिकॉर्ड हाई 4,20,048 रुपये था जिससे यह अब करीब 2 लाख रुपये यानी लगभग आधी कीमत पर आ चुकी है.
ये भी पढ़ें- डेडलाइन खत्म होने से पहले अपनाएं ये 6 टैक्स सेविंग हैक्स, सरकार को ₹1 भी फालतू देने की जरूरत नहीं
क्यों गिरे सोने-चांदी के दाम?
कीमती धातुओं में आई इस अचानक सुस्ती के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार के हालात और भू-राजनीतिक समीकरण मुख्य वजह हैं. अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच हाल ही में जवाबी हमलों पर रोक लगी है. तनाव कम होने की वजह से निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश यानी सोने की तरफ से थोड़ा कम हुआ है जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है.
इसके अलावा दुनिया भर के निवेशकों की निगाहें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की होने वाली आगामी बैठक पर टिकी हुई हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को मौजूदा 3.50% से 3.75% की रेंज में ही स्थिर रख सकता है. हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि फेडरल रिजर्व के रुख और इस हफ्ते आने वाले अमेरिकी जीडीपी व महंगाई के आंकड़ों से यह तय होगा कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी की चाल कैसी रहने वाली है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



