Bharat Express DD Free Dish

सोने की चमक फिर लौटी, चांदी भी नहीं है पीछे: डॉलर की कमजोरी और ईरान संकट टलने की उम्मीद ने बढ़ाई कीमतें

पिछले कुछ दिनों के दबाव के बाद सोना एक बार फिर ‘भाव’ खाने लगा है. बुधवार को स्पॉट गोल्ड में 3% और चांदी में 6.2% की जबरदस्त बढ़त देखी गई. ट्रंप प्रशासन के रुख और गिरते कच्चे तेल के दामों ने कीमती धातुओं को नई रफ्तार दी है.

Gold price hike, Silver rate today, Gold Silver Price Today

Gold Silver Price Today: पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ा सोना अब एक बार फिर अपने पुराने तेवर दिखा रहा है. अगर आप सोच रहे थे कि सोने के दाम अब गिरते ही जाएंगे, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार से आई ताजा खबरों ने इस धारणा को पलट दिया है. बुधवार को ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड की कीमतों में 3 फीसदी से भी ज्यादा का तगड़ा उछाल देखा गया. तेजी का यह सिलसिला गुरुवार को भी थमा नहीं है और सोना अब 4,706 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर चुका है.

क्यों आ रहा है सोने में ये अचानक उछाल?

इस पूरी हलचल के केंद्र में अमेरिका और ईरान के बीच बदलते राजनीतिक समीकरण हैं. दरअसल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने निवेशकों के बीच उत्साह भर दिया है. ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अगर ईरान तय शर्तों को मान लेता है, तो अमेरिका अपनी सैन्य कार्रवाई और Strait of Hormuz की नाकाबंदी खत्म कर सकता है.

जैसे ही युद्धविराम की सुगबुगाहट शुरू हुई, वैश्विक बाजार में डॉलर कमजोर पड़ने लगा. चूंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की खरीद-बिक्री डॉलर में होती है, इसलिए डॉलर की वैल्यू घटते ही सोना सस्ता लगने लगता है और मांग बढ़ जाती है. यही वजह है कि बुधवार को मार्च के बाद की सबसे बड़ी दैनिक बढ़त दर्ज की गई.

चांदी और कच्चे तेल का हाल

सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी ने तो और भी लंबी छलांग लगाई है. बुधवार को चांदी की कीमतों में 6.2% की भारी बढ़त देखी गई, जिससे यह 77.27 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. गुरुवार को भी यह चमक बरकरार है. दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिसने सोने की तेजी को और सहारा दिया है.

तेल सस्ता होने से महंगाई का डर कम हुआ है, जिससे बॉन्ड यील्ड नीचे आई है. जब बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न कम होता है, तो निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर भागते हैं.

ये भी पढ़ें- सोना-चांदी की कीमतों में अचानक आया तूफान, संभलने का मौका भी नहीं मिला; जानें आज के नए दाम

लंबी अवधि का गणित

फरवरी के अंत में जब अमेरिका-ईरान तनाव शुरू हुआ था, तब से अब तक सोने की कीमतों में करीब 11% की गिरावट आ चुकी थी. सप्लाई चेन रुकने और ऊर्जा संकट के डर से ब्याज दरें बढ़ने की आशंका थी, जिससे निवेशक डरे हुए थे. लेकिन अब जैसे ही हालात सामान्य होने की उम्मीद जगी है, निवेशकों ने दोबारा सोने पर दांव लगाना शुरू कर दिया है.

आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 6 महीनों में सोने ने निवेशकों को 10.79% का रिटर्न दिया है. वहीं, अगर पिछले एक साल की बात करें, तो सोने की कीमतों में करीब 38% का जबरदस्त उछाल आया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read