Urdu Conclave 2026

सोना-चांदी भाव आज: चांदी ने लगाई 3300 रुपये की छलांग, सोना भी हुआ महंगा; चेक करें लेटेस्ट रेट

ग्लोबल मार्केट में हो रही हलचल का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी दिख रहा है. आज शुरुआती कारोबार में चांदी ने ₹3300 की तूफानी बढ़त दर्ज की, वहीं सोना भी ₹1.53 लाख के पार निकल गया. डॉलर में कमजोरी और भू-राजनीतिक हालातों के चलते कीमतों में यह बड़ा बदलाव आया है.

Gold rate today, silver price, Gold Silver Price Today

Gold Silver Price Today: अगर आप आज सोने या चांदी की खरीदारी की योजना बना रहे हैं, तो बाजार की चाल देख लेना आपके लिए बहुत जरूरी है. हफ्ते के कारोबारी सत्र में आज कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर बाजार खुलते ही चांदी के भाव में करीब 3,300 रुपये का जोरदार उछाल आया, वहीं सोना भी 800 रुपये से ज्यादा महंगा होकर ट्रेड करता दिखा.

MCX पर चांदी की तूफानी तेजी

चांदी की कीमतों में आज एक बड़ी छलांग देखने को मिली है. 3 जुलाई की मैच्योरिटी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,58,540 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन आज इसकी शुरुआत ही 2,59,999 रुपये पर हुई. बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद यह 3,271 रुपये की तेजी के साथ 2,61,811 रुपये के स्तर तक पहुंच गई. सुबह 9:15 बजे के आसपास चांदी थोड़ी स्थिर होकर 2,61,063 रुपये पर कारोबार कर रही थी.

सोने की चमक भी बढ़ी

सोने के वायदा बाजार की बात करें, तो 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 1,52,672 रुपये पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,52,261 रुपये से ऊपर था. शुरुआती कारोबार में इसमें 842 रुपये की तेजी देखी गई और यह 1,53,103 रुपये के उच्च स्तर तक चला गया. सुबह सवा नौ बजे यह 1,52,837 रुपये के आसपास बना हुआ था.

सर्राफा बाजार का क्या है हाल?

हैरानी की बात यह है कि वायदा बाजार और सर्राफा बाजार के रुख में थोड़ा अंतर देखने को मिला. जहां एमसीएक्स पर सोना तेज था, वहीं सर्राफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड 320 रुपये फिसलकर 1,52,680 रुपये पर दिखा. इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,39,950 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,14,510 रुपये पर आ गया. दूसरी तरफ, हाजिर बाजार में चांदी 5,000 रुपये की बड़ी बढ़त के साथ 2,75,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है.

ये भी पढ़ें- स्मार्ट फोन खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले, फ्लिपकार्ट-अमेजॉन सेल में Samsung और iPhone पर मिलने वाली है बड़ी छूट!

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

कीमतों में इस उछाल के पीछे वैश्विक कारण बड़े माने जा रहे हैं. डॉलर की कीमतों में आई गिरावट और अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की बढ़ती उम्मीदों ने बाजार का मूड बदल दिया है. कच्चे तेल के दामों में नरमी आने से भी निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की तरफ बढ़ा है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को कारोबार खत्म होने तक चांदी 2,61,500 रुपये और सोना 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान के बीच यदि समझौता होता है, तो बाजार में और सकारात्मकता आ सकती है, जिससे फिलहाल कीमतों में तेजी का रुख बना रह सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read