आज सोने-चांदी की कीमत
Gold Silver Price Today: अगर आप इन दिनों सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. पिछले कुछ दिनों से मिडिल ईस्ट यानी मध्य पूर्व में चल रहे तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमलों के बीच तेल के दाम ऊपर-नीचे हो रहे थे. इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा रूसी ऊर्जा खरीदारों पर से 100% तक के अतिरिक्त टैरिफ हटाने के बाद ग्लोबल मार्केट में उथल-पुथल मची हुई थी. इसी उठापटक के बीच आज कारोबारी हफ्ते के तीसरे दिन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार दोनों जगह सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. आइए जानते हैं कि आज आपके शहर के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी किस भाव पर मिल रहे हैं.
इंटरनेशनल मार्केट में क्या रहा हाल?
ग्लोबल मार्केट यानी Comex पर आज यानी 21 अक्टूबर को सुबह के वक्त दोनों कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं. सुबह करीब 9 बजे कॉमेक्स पर सोना 0.06 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 4,149.20 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करता दिखा. वहीं, चांदी के दाम में थोड़ी ज्यादा नरमी देखने को मिली और यह 0.54 प्रतिशत लुढ़ककर 57.685 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार करती नजर आई.
घरेलू बाजार और MCX पर धड़ाम हुए दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर सीधे तौर पर हमारे घरेलू बाजार पर भी साफ दिखाई दिया है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 270 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा है. दूसरी तरफ, चांदी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 1,144 रुपये टूटकर 2,10,897 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है.
ये भी पढ़ें- त्योहारों में खाटू श्याम और वैष्णो देवी जाने का है प्लान? रेलवे ने शुरू की जयपुर से कटरा स्पेशल ट्रेन, देखें शेड्यूल
सर्राफा बाजार में है सोने-चांदी का भाव?
अगर आप लोकल बुलियन मार्केट या सर्राफा बाजार का रुख करने की सोच रहे हैं, तो वहां भी कीमतें नीचे आई हैं. बाजार में आज 24 कैरेट शुद्ध सोना करीब 1,46,560 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है. वहीं, आभूषण बनाने के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना लगभग 1,34,347 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बना हुआ है. इसके अलावा, 18 कैरेट सोना 1,09,920 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब कारोबार कर रहा है. बात अगर चांदी की करें, तो सर्राफा बाजार में चांदी का हाजिर भाव लगभग 2,10,800 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रहा है.
त्योहारों या शादी के सीजन से पहले कीमतों में आई यह हल्की गिरावट ग्राहकों के लिए जरूर राहत की सांस लेकर आई है. बाजार के जानकारों का मानना है कि ग्लोबल हालात को देखते हुए कीमतों में उतार-चढ़ाव का यह दौर आगे भी जारी रह सकता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





