Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

अब बिना वजह फ्रीज नहीं होगा बैंक खाता, RBI ने जारी किए नए नियम; 7 दिन में देनी होगी सफाई

Bank Account Freeze Rules: RBI ने साइबर फ्रॉड और मनी म्यूल खातों पर लगाम लगाने के लिए नए नियम जारी किए हैं. इसके तहत बैंक को खाता फ्रीज करने पर ग्राहक को तुरंत जानकारी देनी होगी और सफाई देने के लिए 7 दिन का समय मिलेगा. नए नियमों के अनुसार, पुलिस को मामला भेजने के 30 दिन के भीतर वैध कानूनी आदेश नहीं मिलने पर 31वें दिन डेबिट होल्ड हटाना होगा, बशर्ते बैंक की जांच संतोषजनक हो.

RBI Bank Account Freeze New Rules

RBI Bank Account Freeze New Rules

Bank Account Freeze Rules: कई बार किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन या साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन के कारण आम लोगों का बैंक खाता फ्रीज (Debit Hold) हो जाता है. खास बात यह है कि कई मामलों में ग्राहक की कोई गलती नहीं होती, फिर भी उन्हें अपने ही खाते से पैसे निकालने या ट्रांसफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. खाता दोबारा चालू कराने के लिए लोगों को महीनों तक बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं. अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस समस्या को दूर करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. RBI ने 27 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों में संदिग्ध मनी म्यूल (Money Mule) खातों और साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन से निपटने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की है. इसका उद्देश्य साइबर ठगी के पैसों को आगे ट्रांसफर होने से रोकना और निर्दोष बैंक ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है. ये नए नियम 1 जुलाई 2027 से लागू होंगे. हालांकि, बैंक चाहें तो इन्हें इससे पहले भी लागू कर सकते हैं.

संदिग्ध ट्रांजैक्शन पर बैंक लगा सकेगा अस्थायी रोक

नए नियमों के मुताबिक, अगर किसी बैंक को खाते या किसी खास ट्रांजैक्शन में साइबर फ्रॉड अथवा मनी म्यूल गतिविधि का गंभीर संदेह होता है, तो वह संबंधित रकम या पूरे खाते से पैसे निकालने और ट्रांसफर करने पर अस्थायी रोक लगा सकता है. हालांकि, अब हर संदिग्ध ट्रांजैक्शन पर बैंक सीधे पूरा खाता फ्रीज नहीं कर सकेगा. बैंक को पहले मामले की जांच करनी होगी और संदेह की गंभीरता का आकलन करना होगा. इसके बाद ही डेबिट होल्ड लगाने का फैसला लिया जा सकेगा.

खाता फ्रीज होते ही बैंक को देनी होगी जानकारी

RBI के नए नियमों के तहत बैंक ग्राहक को बिना जानकारी दिए उसका खाता या पैसा नहीं रोक सकेगा. डेबिट होल्ड लगाते ही बैंक को ग्राहक को तुरंत सूचना देनी होगी. अगर ग्राहक का मोबाइल नंबर या ईमेल बैंक के रिकॉर्ड में दर्ज है, तो डिजिटल माध्यम से जानकारी भेजनी होगी. ऐसा संभव नहीं होने पर अगले कार्यदिवस के अंत तक सूचना देना अनिवार्य होगा.

इस सूचना में बैंक को कुछ जरूरी जानकारियां देनी होंगी:

  • खाता या रकम रोकने का स्पष्ट कारण.
    डेबिट होल्ड हटवाने की प्रक्रिया.
    संबंधित अधिकारी का नाम और संपर्क विवरण.
    ट्रांजैक्शन सही साबित करने के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी.

ग्राहक को सफाई देने के लिए मिलेंगे 7 दिन

नए नियमों में ग्राहकों को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया गया है. खाता या रकम पर रोक लगने की तारीख से ग्राहक को 7 कैलेंडर दिनों का समय मिलेगा. इस दौरान ग्राहक बैंक में जाकर या जरूरी दस्तावेज जमा करके यह साबित कर सकता है कि संबंधित ट्रांजैक्शन वैध है और उसका साइबर फ्रॉड से कोई संबंध नहीं है. इससे निर्दोष ग्राहकों को अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा और बिना जांच के लंबे समय तक खाते पर रोक लगाए रखने की समस्या कम हो सकेगी.

बैंक को भी 7 दिन में करना होगा फैसला

ग्राहक की ओर से जवाब और दस्तावेज मिलने के बाद बैंक को 7 कैलेंडर दिनों के भीतर उनकी समीक्षा करनी होगी. अगर बैंक को ग्राहक की ओर से दिए गए सबूत संतोषजनक लगते हैं, तो उसे तुरंत डेबिट होल्ड हटाना होगा. वहीं, अगर बैंक ग्राहक के जवाब से संतुष्ट नहीं होता या ग्राहक तय समय में कोई जवाब नहीं देता, तो बैंक रोक जारी रख सकता है. ऐसी स्थिति में बैंक को कारणों सहित मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को देनी होगी.

पुलिस को मामला भेजने के 30 दिन बाद होगी समीक्षा

पुलिस को मामला भेजे जाने के बाद बैंक को खाते की विस्तृत जांच करनी होगी. साथ ही पुलिस, अदालत या किसी सक्षम अधिकारी की ओर से जारी कानूनी निर्देशों का पालन करना होगा. बैंक को अपनी कार्रवाई की जानकारी भी ग्राहक को तुरंत देनी होगी. नए नियमों का एक अहम प्रावधान 30 और 31 दिनों से जुड़ा है. अगर पुलिस को मामला भेजे जाने के 30 दिनों के भीतर बैंक को पुलिस या अदालत की ओर से रोक जारी रखने का कोई वैध कानूनी आदेश नहीं मिलता है, तो 31वें दिन डेबिट होल्ड हटाना होगा. हालांकि, इसके लिए बैंक का अपनी एन्हांस्ड ड्यू डिलिजेंस (EDD) जांच से संतुष्ट होना जरूरी है. अगर बैंक की जांच में संदेह बरकरार रहता है, तो वह रोक जारी रख सकता है. ऐसी स्थिति में निष्क्रिय खातों से जुड़े मौजूदा RBI नियम लागू होंगे.

शिकायत के लिए नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी

ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए RBI ने बैंकों को क्षेत्रीय, जोनल या मुख्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं. इन अधिकारियों के नाम, फोन नंबर, पते और ईमेल की जानकारी बैंक की वेबसाइट और शाखाओं में प्रदर्शित करनी होगी. ग्राहक अपने फ्रीज खाते या डेबिट होल्ड से जुड़ी शिकायत सीधे नोडल अधिकारी के पास दर्ज करा सकेंगे. बैंक को ऐसी शिकायतों का निपटारा 30 कैलेंडर दिनों के भीतर करना होगा. कुल मिलाकर, RBI के नए नियमों से साइबर फ्रॉड पर लगाम लगाने के साथ-साथ उन बैंक ग्राहकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके खाते बिना किसी गलती के संदिग्ध ट्रांजैक्शन के कारण फ्रीज हो जाते हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism