Delimitation Bill 2026: केंद्र सरकार के नए परिसीमन प्रस्ताव ने विपक्षी गठबंधन INDIA के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है. जिस मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा था, वहीं अब सहयोगी दलों के अलग-अलग रुख ने गठबंधन की चुनौती बढ़ा दी है. एक तरफ कांग्रेस और कई विपक्षी दल संशोधित प्रस्तावों का विरोध कर रहे हैं, वहीं तमिलनाडु की सत्ताधारी DMK और शरद पवार की NCP (SP) समर्थन की ओर बढ़ती दिख रही हैं.
इसी वजह से कांग्रेस नेतृत्व ने अंतिम समय में सहयोगियों को साथ रखने की कवायद तेज कर दी है. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने के लिए उनके घर पर पहुंच गए हैं. इस बैठक को परिसीमन विवाद का अहम मोड़ माना जा रहा है.
चेन्नई, तमिलनाडु: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ चेन्नई में DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद DMK को केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के समर्थन वाले अपने रुख को बदलने के लिए मनाना था।
(सोर्स: AICC)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 29, 2026
चेन्नई में सियासी गतिविधियां तेज
INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने से पहले एमके स्टालिन अपने घर पर पार्टी नेताओं के साथ रणनीति तैयार करते दिखाई दिए. उनके साथ तमिलनाडु के विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और पार्टी सांसद कनिमोझी भी मौजूद रहीं. स्टालिन के आवास पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के नेतृत्व में विपक्षी प्रतिनिधिमंडल पहुंच गया है. इस प्रतिनिधिमंडल में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राजद सांसद मीसा भारती सहित कई प्रमुख चेहरे भी शामिल हैं. गठबंधन के कई नेता पहले ही स्टालिन के घर पहुंच चुके हैं.
कनिमोझी ने कांग्रेस से मांगा स्पष्ट जवाब
बैठक से पहले DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने साफ संकेत दिए कि पार्टी ने अपना पक्ष कांग्रेस के सामने रख दिया है. उन्होंने कहा कि सुबह ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को परिसीमन विधेयक को लेकर DMK की स्थिति और सांसदों की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दे दी गई है. कनिमोझी का कहना था कि अब कांग्रेस को भी अपना रुख सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन INDIA गठबंधन के नेताओं से चर्चा करेंगे और उसके बाद अंतिम फैसला सार्वजनिक किया जाएगा.
संसद में कब पेश होगा विधेयक?
केंद्र सरकार सोमवार, 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक पेश करने की तैयारी में है. प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या को 850 तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया है. इसके साथ ही सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव भी शामिल है. सरकार ने राज्यों के बीच सीटों के वर्तमान अनुपात को वर्ष 2051 तक बनाए रखने और परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने की बात कही है. जानकारी के अनुसार यह विधेयक 2 दिसंबर को राज्यसभा में भी पेश किया जा सकता है.
कांग्रेस की कोशिश, स्टालिन बदलें फैसला
कांग्रेस नेतृत्व को अभी भी उम्मीद है कि DMK अपने रुख पर पुनर्विचार कर सकती है. इसी उम्मीद के साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे व्यक्तिगत तौर पर स्टालिन से बातचीत करने के लिए पहुंचे हैं. कांग्रेस का मानना है कि अगर DMK विपक्ष के साथ खड़ी हो जाती है तो सरकार के लिए संविधान संशोधन बिल पारित कराना मुश्किल हो सकता है. यही वजह है कि आखिरी समय तक बातचीत के जरिए सहमति बनाने की कोशिश जारी है.
जयराम रमेश का सोशल मीडिया पोस्ट
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में लिखा, ‘पिक्चर अभी बाकी है ब्रो.’ इस टिप्पणी को कांग्रेस की उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है कि बातचीत के बाद राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं.
कांग्रेस को स्टालिन पर भरोसा क्यों?
कांग्रेस और DMK के संबंध लंबे समय से मजबूत सहयोगी दलों जैसे रहे हैं. तमिलनाडु की राजनीति में दोनों दल कई चुनाव साथ लड़ चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी एक-दूसरे का समर्थन करते रहे हैं. 2019 में जब विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिश हो रही थी, तब स्टालिन ने कांग्रेस को विपक्षी राजनीति का केंद्रीय स्तंभ बताया था. यही अतीत कांग्रेस को भरोसा देता है कि स्टालिन अंतिम समय में उसके साथ खड़े हो सकते हैं.
आखिर DMK समर्थन की ओर क्यों झुकी?
हालांकि हालात कांग्रेस की उम्मीदों के अनुरूप नहीं दिख रहे. शनिवार को हुई DMK सांसदों की बैठक के बाद पार्टी ने संशोधित प्रस्ताव का समर्थन करने का निर्णय लिया था. DMK का तर्क है कि उसकी प्रमुख मांगों को केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है. इनमें तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखना शामिल है.
अगर DMK समर्थन करे तो क्या होगा?
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी. यदि 540 सांसद मतदान करते हैं तो सरकार को कम से कम 360 वोट जुटाने होंगे. NDA के पास इस समय लगभग 320 सांसदों का समर्थन है. यदि DMK के 22 सांसद, शरद पवार की NCP (SP) के सांसद और YSRCP के 4 सांसद सरकार के साथ आते हैं, तो समर्थन का आंकड़ा लगभग 354 तक पहुंच जाएगा. यह आवश्यक संख्या 360 से केवल 6 कम होगा. ऐसी स्थिति में सरकार को कुछ अतिरिक्त समर्थन या क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ सकती है.
अगर DMK विरोध में वोट करे तो क्या होगा?
दूसरी ओर यदि DMK के 22 सांसद सरकार के खिलाफ मतदान करते हैं तो संभावित समर्थन 354 से घटकर 332 पर आ जाएगा. ऐसी परिस्थिति में 540 सांसदों के मतदान करने पर सरकार आवश्यक 360 वोटों से 28 वोट पीछे रह जाएगी. तब संविधान संशोधन बिल को पारित कराना बेहद कठिन हो सकता है.
अब निगाहें स्टालिन के अंतिम फैसले पर
लोकसभा में DMK, NCP (SP) और YSRCP के कुल 34 सांसद हैं. इनके समर्थन के बाद संसद में 97 सांसदों की सीटिंग व्यवस्था तक में बदलाव किया गया है. DMK और NCP (SP) के सांसदों को INDIA गठबंधन के ब्लॉक से अलग बैठाया गया है. सुप्रिया सुले को कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठने की व्यवस्था दी गई है.
इन दलों के समर्थन से सरकार के पक्ष में संभावित आंकड़ा लगभग 354 सांसदों तक पहुंच चुका है. बावजूद इसके दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोटों की जरूरत बनी हुई है. अब पूरा राजनीतिक घटनाक्रम इस सवाल पर टिक गया है कि क्या सोनिया गांधी और राहुल गांधी एमके स्टालिन को मनाने में सफल होंगे या फिर परिसीमन का मुद्दा INDIA गठबंधन के भीतर मतभेदों को और गहरा कर देगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







