1 मार्च से नियम बदले
Rules Change From 1 March 2025: आज नया महीना यानी मार्च शुरू होते ही देश में कई बड़े बदलाव हुए हैं, जिनका असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा. इनमें से कुछ बदलाव गैस सिलेंडर की कीमत, इंश्योरेंस पॉलिसी पेमेंट, म्यूचुअल फंड्स और बैंकिंग नियमों से जुड़े हैं. आइए यहां जानते हैं इन बदलावों के बारे में-
1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर
मार्च से 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत ₹6 तक बढ़ गई है. दिल्ली में अब इसकी कीमत ₹1803 हो गई है, जो पहले ₹1797 थी. कोलकाता में ₹6 की बढ़त के साथ इसकी कीमत ₹1913 हो गई है, जबकि मुंबई में यह ₹5.5 बढ़कर ₹1755.50 हो गया है. हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर ₹803 और मुंबई में ₹802.50 में मिल रहा है.
2. म्यूचुअल फंड्स और डीमैट अकाउंट्स में नॉमिनी की संख्या बढ़ी
अब म्यूचुअल फंड्स और डीमैट अकाउंट्स में 10 लोगों को नॉमिनी के रूप में नामित किया जा सकता है. यह नियम बाजार नियामक ‘सेबी’ ने लागू किया है, जिसका उद्देश्य क्लेम न किए गए एसेट्स को कम करना और निवेशकों के निवेश की बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देना है. इससे निवेशकों को उनके निवेशों में पारदर्शिता और सुरक्षा मिलेगी.
3. इंश्योरेंस पॉलिसी के प्रीमियम पेमेंट में बदलाव
इंश्योरेंस पॉलिसी के प्रीमियम पेमेंट के नियमों में भी बदलाव किया गया है. अब बीमा कंपनियों को ‘बीमा-ASBA’ नामक एक नई सुविधा लागू करने के लिए कहा गया है. इसके तहत पॉलिसी खरीदने वाला व्यक्ति प्रीमियम राशि को पहले अपने बैंक खाते में ब्लॉक करवा सकता है. यदि बीमा पॉलिसी स्वीकृत हो जाती है, तो ही प्रीमियम राशि कटेगी, और यदि आवेदन रिजेक्ट हो जाता है, तो वह राशि वापस ग्राहक के खाते में अनब्लॉक हो जाएगी.
4. PNB खातों के लिए KYC अपडेट जरूरी
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को एक अलर्ट जारी किया है कि यदि किसी ग्राहक का खाता दो साल तक निष्क्रिय रहता है, तो उसे डी-एक्टिवेट कर दिया जाएगा. ऐसे खातों को एक्टिव रखने के लिए KYC (Know Your Customer) अपडेट करना जरूरी होगा. यह कदम बैंक ने सुरक्षा और नियामक प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने के लिए उठाया है.
5. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस महीने कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. दिल्ली में पेट्रोल ₹94.72 प्रति लीटर और डीजल ₹87.62 प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि मुंबई में पेट्रोल ₹103.44 प्रति लीटर और डीजल ₹89.97 प्रति लीटर है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


