Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

जल्द ही पूरे देश में एक ही कार्ड से रोडवेज बसों और मेट्रो में यात्री कर सकेंगे सफर

Lucknow: उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम जल्द ही यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड जारी करेगा. इसके लिए पेटीएम से करार हुआ है. मंगलवार को इसकी डिजाइन फाइनल की जाएगी.

UP News

प्रतीकात्मक तस्वीर

Edited by Nitish Pandey

UP News: अब जल्द ही पूरे देश में एक ही कार्ड के जरिए रोडवेज बसों और मेट्रो ट्रेन में सफर करने का लुत्फ यात्री उठा सकेंगे. यानी अब अलग-अलग कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह सुविधा यात्रियों को जल्द ही मिलने वाली है. इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम यात्रियों को जल्द ही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) जारी करेगा. इसके लिए पेटीएम से करार हो गया है.

जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को जल्द ये सुविधा मुहैया कराने के लिए युद्ध स्तर पर परिवहन निगम तैयारी कर रहा है. मंगलवार को कार्ड के डिजाइन पर मंथन किया जाएगा और तैयारी को अंतिम रूप दिया जाएगा. खबर ये भी है कि रोडवेज 16 लाख से अधिक यात्रियों को ये कार्ड देने की योजना बना रहा है. इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत ये होगी कि यात्री पूरे देश में सफर के दौरान मेट्रो के साथ ही रोडवेज बसों में किराए का भुगतान कर सकेगा.

कई बैंकों ने भेजे हैं 20 से अधिक डिजाइन

परिवहन निगम में आईटी महाप्रबंधक यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि, इस कार्ड के लिए विभिन्न बैंकों ने 20 से अधिक डिजाइन बनाकर भेजे हैं. मंगलवार को बैठक में सभी डिजाइनों पर मंथन होगा. इस दौरान जो डिजाइन बेहतर लगेगी, उसे ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि पहले यूपी में केवल स्मार्ट कार्ड थे, जिनका संख्या 16 लाख थी. फिलहाल एनसीएमसी की संख्या ज्यादा होने की सम्भावना है. उन्होंने बताया कि परिवहन निगम ने अब तक जो भी कार्ड जारी किए हैं. उन सभी को इसी में समाहित कर दिया जाएगा. मसलन यूपी में 11 लाख दिव्यांगजनों को यात्रा कार्ड दिया गया है, लेकिन अब इन सभी को एनसीएमसी कार्ड जारी किया जाएगा. ठीक इसी तरह मान्यता प्राप्त पत्रकारों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व अन्य लोगों को भी यही कार्ड जारी किए जाएंगे. इन कार्डों को पोस्टपेड और प्री-पेड दोनों तरह से जारी करने की तैयारी की जा रही है. जो कार्ड जिस यात्री को जारी किया जाएगा, उस पर उनका नाम लिखा होगा.

अब तक जारी होते थे क्लोज्ड लूप सिस्टम पर कार्ड

परिवहन विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अब तक विभिन्न यातायात संस्थाओं में क्लोज्ड लूप सिस्टम पर कार्ड जारी होते थे. यानी उन संस्थाओं का कार्ड सिर्फ उसी संस्था के वाहनों में भुगतान के लिए ही यूज किए जा सकते थे. जैसे रोडवेज का कार्ड केवल रोडवेज बसों और मेट्रो का कार्ड केवल मेट्रो के लिए, लेकिन अब ये व्यवस्था बदलने वाली है.

सभी संस्थाएं जुड़ेंगी ओपन लूप सिस्टम से

जानकारी सामने आ रही है कि नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सभी संस्थाओं को अब ओपन लूप सिस्टम से जोड़ा जाएगा. ऐसा करने से देश में कहीं भी किसी भी यातायात साधन से यात्रा देने पर एक ही कार्ड से भुगतान हो जाएगा.

ये भी पढ़ें- CM Yogi: सीएम योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी, डायल 112 के व्हाट्सएप पर आया मैसेज

कार्ड पर दिखेगी यूपी की कला और संस्कृति

जानकारी सामने आ रही है कि कार्ड पर उत्तर प्रदेश की कला और संस्कृति की छाप दिखाई देगी, ताकि अन्य राज्य में यात्रियों के सफर करने पर लोग देखते ही जान जाएं कि ये यूपी का कार्ड है. मंगलवार को होने वाली बैठक में इस तरह के कार्ड को मंजूरी मिलते ही इसे नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया को भेज दिया जाएगा. इसके बाद जैसे ही यहां से स्वीकृति मिलेगी, वैसे ही इसके आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. सम्भावना जताई जा रही है कि मई से ये सुविधा यात्रियों को मिल सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital