Urdu Conclave 2026

WhatsApp Web में तकनीकी गड़बड़ी? भारत में यूजर्स को लॉग-इन और चैट सिंक में दिक्कत, शिकायतें हुई तेज

शुक्रवार सुबह भारत में कई यूज़र्स को WhatsApp Web इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. लॉग-इन और चैट सिंक से जुड़ी समस्याओं को लेकर Downdetector पर शिकायतें बढ़ीं, जबकि सोशल मीडिया पर भी यूज़र्स ने अपनी परेशानी साझा की.

WhatsApp Web down

ये इमेज एआई द्वारा निर्मित की गई है.

शुक्रवार की सुबह कई लोगों के लिए परेशानी भरी रही, जब रोजमर्रा के काम में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला प्लेटफॉर्म WhatsApp Web अचानक ठीक से काम नहीं करता दिखा. दफ्तर में काम कर रहे हों या लैपटॉप पर चैट्स चेक करने की आदत, कई यूजर्स को लॉग-इन और चैट सिंक करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

सुबह 9 बजे के आसपास बढ़ीं शिकायतें

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, भारत में WhatsApp Web से जुड़ी शिकायतें सुबह करीब 9 बजे अचानक बढ़ने लगीं. वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा के अनुसार, सुबह 8:54 बजे के आसपास कम से कम 16 यूजर्स ने सर्विस में रुकावट की रिपोर्ट दर्ज कराई. हालांकि संख्या बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन जिस तरह से एक ही समय पर शिकायतें सामने आईं, उससे साफ संकेत मिला कि कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर चल रही थी.

लॉग-इन और चैट सिंक बनी समस्या

यूजर्स का कहना है कि WhatsApp Web खोलने पर QR कोड स्कैन करने के बाद भी अकाउंट ठीक से लॉग-इन नहीं हो पा रहा था. कुछ मामलों में चैट्स बिल्कुल लोड नहीं हो रही थीं, तो कहीं मोबाइल और वेब वर्जन के बीच सिंक में काफी देरी देखी गई. खासकर वे लोग ज्यादा परेशान दिखे, जो काम के दौरान WhatsApp Web पर ही पूरी तरह निर्भर रहते हैं.

सोशल मीडिया पर निकला गुस्सा

जैसे ही समस्या सामने आई, कई यूजर्स ने X (पहले ट्विटर) का रुख किया और अपनी नाराजगी जाहिर की. कुछ लोगों ने पूछा कि क्या WhatsApp Web सिर्फ उनके लिए डाउन है या सभी को यही दिक्कत आ रही है. एक यूजर ने लिखा कि वह iPhone और लिंक्ड डिवाइसेज पर करीब एक घंटे से लॉग-इन की कोशिश कर रहा है, लेकिन हर बार नाकामी हाथ लग रही है. ऐसे पोस्ट्स से साफ था कि परेशानी अकेले-अकेले नहीं, बल्कि कई लोगों को एक साथ हो रही थी.

WhatsApp की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं

इस बीच WhatsApp या उसकी पैरेंट कंपनी Meta की ओर से इस गड़बड़ी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया. न ही यह साफ हो पाया कि समस्या सर्वर से जुड़ी थी या फिर किसी तकनीकी अपडेट की वजह से आई. कई मामलों में थोड़ी देर बाद सर्विस अपने-आप ठीक हो गई, जबकि कुछ यूजर्स को इंतजार करना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें: ध्यान दें! आपके काम की खबर: LPG, PAN से लेकर क्रेडिट कार्ड तक, 1 अप्रैल से लागू होंगे 5 बड़े बदलाव

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read