आज के समय में क्रेडिट कार्ड लगभग हर शहरी परिवार के जैब में देखने को मिल जाएगा. ऑनलाइन शॉपिंग हो, फ्लाइट टिकट बुक करना हों या फिर इमरजेंसी में खर्च, क्रेडिट कार्ड काम आता है. लेकिन आम लोगों के कार्ड की एक सीमा होती है. बैंक आपकी इनकम, क्रेडिट स्कोर और प्रोफाइल देखकर तय करता है कि आप कितना खर्च कर सकते हैं.
पर क्या आपने कभी ऐसे क्रेडिट कार्ड के बारे में सुना है, जिसकी कोई तय लिमिट ही नहीं?
जी हां, दुनिया में एक ऐसा कार्ड मौजूद है जिसे अमीरी, रुतबे और ताकत का प्रतीक माना जाता है. हम बात कर रहे हैं American Express के सेंचुरियन कार्ड की, जिसे आम भाषा में Amex Black Card कहा जाता है.
क्यों खास है Amex Black Card?
इस कार्ड को अक्सर “क्रेडिट कार्ड्स का बादशाह” कहा जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें कोई फिक्स क्रेडिट लिमिट नहीं होती. यानी आप लाखों नहीं, करोड़ों और जरूरत पड़ी तो अरबों रुपये तक का खर्च भी कर सकते हैं.
हालांकि इसका मतलब ये नहीं कि कार्ड मिलते ही आप अंधाधुंध खर्च करने लगें. अमेक्स हर यूजर के खर्च और भुगतान की आदतों को देखकर हर महीने अपनी अंदरूनी लिमिट तय करता है.
कैसे मिलता है ये कार्ड?
Amex Black Card के लिए आप सीधे अप्लाई नहीं कर सकते. यह कार्ड सिर्फ इन्विटेशन पर मिलता है. यानी अमेरिकन एक्सप्रेस खुद तय करता है कि किसे यह ऑफर देना है.
बताया जाता है कि इस कार्ड की शुरुआत 1999 में हुई थी, लेकिन इससे जुड़ी कहानियां 1980 के दशक से ही घूमने लगी थीं. लंबे समय तक इसे एक तरह का रहस्यमयी कार्ड माना जाता था, जिसे सिर्फ दुनिया के सबसे अमीर और ताकतवर लोग ही इस्तेमाल करते हैं.
दुनिया में केवल इतने ही लोगों के पास ये कार्ड?
अनुमान, पूरी दुनिया में इस कार्ड के होल्डर्स की संख्या एक लाख से भी कम है. अमेरिका जैसे देश में भी करीब 20 हजार लोग ही इसका इस्तेमाल करते हैं.
भारत की बात करें तो यहां इसके यूजर्स और भी गिने-चुने हैं. संभव है कि कुछ सौ लोग ही इस क्लब का हिस्सा हों.
किन शर्तों पर मिलता है कार्ड?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Amex Black Card के लिए आपके पास पहले से American Express Platinum Card होना चाहिए. उस पर सालाना करीब 3.5 से 5 लाख डॉलर (यानी लगभग 3-4 करोड़ रुपये) तक का खर्च और वो भी समय पर भुगतान जरूरी माना जाता है.
इसके अलावा शानदार क्रेडिट स्कोर, बहुत ऊंची नेटवर्थ और अमेक्स के साथ लंबा रिश्ता होना भी अहम है. कभी-कभी कंपनी वेबसाइट पर इन्वाइट रिक्वेस्ट का ऑप्शन देती है, लेकिन आखिरी फैसला अमेक्स का ही होता है.
बता दें कि दुनिया के कई अरबपति और सुपर-रिच लोग इस कार्ड से प्राइवेट जेट, लग्जरी कारें, बेशकीमती हीरे-जवाहरात और यहां तक कि करोड़ों के घर तक खरीद चुके हैं.
ये भी पढें: ठंड में अबतक नहीं बढ़े प्याज के दाम! कैसे आपकी जेब को संभाले रखी है ‘कांदा एक्सप्रेस’?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


