Bharat Express DD Free Dish

वृंदावन से लौट रहे अभिनव अरोड़ा की गाड़ी जलकर हुई राख, सामान निकालने का भी नहीं मिला मौका

वृंदावन से दिल्ली लौट रहे बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा की डस्टर कार में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक भीषण आग लग गई. समय रहते अभिनव और उनका परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया, हालांकि उनकी कार और सारा सामान जलकर राख हो गया.

Bal Kathavachak Abhinav Arora Car Catches Fire On Yamuna Expressway

Abhinav Arora Car Catches Fire: मशहूर बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा वृंदावन से बांके बिहारी के दर्शन कर दिल्ली लौटते वक्त उनकी डस्टर कार में अचानक आग लग गई. आग की लपटों के बढ़ने से पहले पूरा परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया. इस खौफनाक हादसे के बीच, सड़क किनारे खड़े होकर घबराने के बजाय भगवान के मंत्रों का जाप करते अभिनव अरोड़ा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विकासपुरी के रहने वाले तरुण अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति, बेटे अभिनव अरोड़ा और बेटी मन्नत के साथ वृंदावन आए थे. देर रात जब वे वापस दिल्ली लौट रहे थे, तभी एक्सप्रेसवे पर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 84 के पास अचानक कार के बोनट से तेज धुआं निकलने लगा.

कार चला रहे तरुण अरोड़ा ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर खड़ा कर दिया. पूरा परिवार आनन-फानन में गाड़ी से बाहर आ गया और उनके उतरते ही देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई. आग इतनी भयानक थी कि परिवार को कार के अंदर रखा अपना कीमती सामान और बैग्स निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया. आशंका जताई जा रही है कि कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ है.

दहशत के बीच मंत्र जपते रहे अभिनव

हादसे के वक्त जहां हर कोई घबराया हुआ था, वहीं बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा सड़क किनारे खड़े होकर शांत मन से लगातार भगवान के नाम और मंत्रों का जाप करते दिखे. घटना की सूचना मिलते ही सुरीर थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे के कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची.

हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक डस्टर कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाया और पीड़ित परिवार को दूसरे वाहन के जरिए सुरक्षित दिल्ली भिजवाया.

ये भी पढ़ें: ‘आतंकराज पार्ट 1 का हिसाब लेंगे’, विधानसभा चुनाव से पहले राजभर का सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अल्टीमेटम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read