Bharat Express DD Free Dish

एक-दो नहीं… 14 सालों की गंदगी; BJP पार्षद ने गंदे नाले में खड़े होकर काटा बर्थडे केक, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

आगरा में नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ बीजेपी पार्षद किशन नायक ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने नगला धनी इलाके के एक गंदे नाले में उतरकर अपना जन्मदिन मनाया और केक काटा. पार्षद का आरोप है कि पिछले 14 सालों से इस नाले की सफाई नहीं हुई है.

Agra BJP Councillor Cuts Birthday Cake Standing In Dirty Drain To Protest.

Agra BJP Councillor Cake Cutting: जेपी सिंह/आगरा: उत्तर प्रदेश के स्मार्ट सिटी आगरा से विरोध प्रदर्शन की एक ऐसी अलग और अनोखी तस्वीर सामने आई है, जो चर्चा का विषय बन गई है. यहां के बीजेपी पार्षद किशन नायक ने मानसून से ठीक पहले गंदे नाले के बीचों-बीच उतरकर अपना जन्मदिन मनाया और वहीं केक काटा. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

एक-दो नहीं… 14 सालों की गंदगी

ये पूरा मामला आगरा के नगला धनी स्थित नई विजय नगर कॉलोनी का है, जहां से ‘लंगड़े की चौकी’ नाम का एक प्रमुख नाला गुजरता है. इस नाले का लगभग 65 फीसदी हिस्सा अंडरग्राउंड यानी भूमिगत है. स्थानीय लोगों और पार्षद का आरोप है कि पिछले 14 सालों से इस भूमिगत नाले की ढंग से सफाई ही नहीं की गई है. नाले के भीतर करीब तीन फीट तक कीचड़ और सिल्ट जमा हो चुकी है, जिसके कारण आए दिन कॉलोनियों में गंदा पानी बैक मारता है.

मामले को लेकर बीजेपी पार्षद नायक का कहना है कि वे इस नाले की सफाई के लिए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और स्मार्ट सिटी के अफसरों को एक-दो बार नहीं बल्कि पूरे 12 बार लिखित शिकायत दे चुके हैं. अधिकारी मौका मुआयना करने आते हैं, तसवीरें खिंचवाते हैं लेकिन काम के नाम पर ढाक के तीन पात ही रहता है.

जन्मदिन को बनाया विरोध प्रदर्शन का जरिया

अफसरों की इसी बेरुखी से तंग आकर गुरुवार को पार्षद अपने समर्थकों और स्थानीय निवासियों के साथ नाले पर पहुंच गए. लोगों ने नाले के गंदे पानी के बीच एक मेज लगाई, उस पर केक रखा और पार्षद जी ने नाले में खड़े होकर उसे काटा. इस दौरान वहां मौजूद जनता ने तालियां बजाने के साथ-साथ नगर निगम प्रशासन और स्मार्ट सिटी मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

पार्षद ने कहा कि जब स्वच्छ भारत अभियान के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, तब भी दलित और मलीन बस्तियों की हालत बदहाल है. उन्होंने ये भी दर्द बयां किया कि जब खुद बीजेपी के मेयर और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर अफसर कुंडली मारकर बैठे हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रहे, तो आम जनता की सुनवाई भला कौन करेगा?

ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आखिरकार चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा; उनके ड्राइवर टिन्नू समेत 8 नामजद हुए अरेस्ट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read