Bharat Express DD Free Dish

आगरा के सर्वोत्तम क्लिनिक हॉस्पिटल में बवाल, दीवार पर लगी धार्मिक टाइल्स और पास के कूड़े पर उठा विवाद, प्रशासन ने की कार्रवाई

आगरा के एक अस्पताल में धार्मिक टाइल्स और कूड़े के ढेर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के बाद प्रदर्शन हुआ और प्रशासन को टाइल्स हटानी पड़ी.

Agra, Shahganj, Sarvottam Clinic Hospital

Agra Hospital Controversy: आगरा के शाहगंज इलाके में स्थित सर्वोत्तम क्लिनिक हॉस्पिटल एक विवाद को लेकर चर्चा में आ गया है. मामला उस समय तूल पकड़ गया जब अस्पताल की बाहरी दीवार पर देवी-देवताओं की टाइल्स लगी होने के बावजूद पास ही कूड़े का ढेर जमा होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यह वीडियो करीब पांच दिन पहले सामने आया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों और संगठनों में नाराजगी देखने को मिली.

सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा विवाद

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. आरोप लगा कि धार्मिक आस्था से जुड़ी तस्वीरों के पास गंदगी होना उचित नहीं है. हालांकि कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो मामला और गरमा गया.

मौके पर पहुंचा हिंदू महासभा का प्रतिनिधिमंडल

सोमवार सुबह करीब 11 बजे अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचीं. उनके साथ अन्य धर्मों से जुड़ी धार्मिक टाइल्स भी लाई गई थीं. संगठन का कहना था कि अगर एक जगह धार्मिक टाइल्स लगाई जा सकती हैं तो समानता के आधार पर दूसरी धार्मिक टाइल्स भी लगाई जाएं.

इस दौरान शाहगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने की कोशिश की. वहीं प्रशासन ने पहले से ही नगर निगम की सफाई टीम को बुला लिया था, जिसने तुरंत कूड़ा हटाने का काम शुरू कर दिया.

धरना और बढ़ता तनाव

माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब मीरा राठौर और उनके साथ आए कार्यकर्ता टाइल्स लगी दीवार के पास ही धरने पर बैठ गए. उनकी मांग थी कि उनके द्वारा लाई गई टाइल्स भी उसी स्थान पर लगाई जाएं. इस दौरान अस्पताल मालिक भी मौके पर पहुंचे. उन्हें देखते ही हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और सुझाव दिया कि टाइल्स को सही तरीके से लगवाया जाए.

ये भी पढ़ें- संतों का आशीर्वाद ही जीवन का चमत्कार, भारत 2047 तक बनेगा विकसित राष्ट्र- डॉ. दिनेश शर्मा

टाइल्स हटाई गईं, माफी भी मांगी गई

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत मिस्त्री बुलाकर दीवार पर लगी टाइल्स हटवा दीं. इसके बाद अस्पताल मालिक ने आगे से ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया और मौके पर मौजूद लोगों से माफी भी मांगी. यह पूरा मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक तरफ साफ-सफाई और जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया की भूमिका भी फिर से बहस के केंद्र में है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read